Chhattisgarh

कोरबा : समाज कल्याण विभाग ने वृद्धाश्रम को नहीं दी व्हील चेयर और वॉकर

  • उप संचालक श्रीमती गोयल का प्रशांति वृद्धाश्रम के बुजुर्गों के प्रति उपेक्षित व्यवहार

कोरबा। समाज कल्याण विभाग के अधिकारी वरिष्ठ नागरिकों के प्रति संवेदनशीलता नहीं दिखा रहे हैं। मांग पत्र प्रस्तुत करने के बाद भी तीन माह तक जरूरतमंद बुजुर्गों को व्हील चेयर एवं फोल्डिंग वॉकर उपलब्ध नहीं कराया गया।

मामला प्रशांति वृद्धाश्रम से जुड़ा है। प्रशांति वृद्धाश्रम की संचालक संस्था द्वारा 24 मार्च, 2025 को समाज कल्याण विभाग, कोरबा की उप संचालक के समक्ष पत्र प्रस्तुत किया गया था। इस पत्र में वृद्धाश्रम में निवासरत बुजुर्गों के लिए तीन टॉयलेट व्हील चेयर, तीन सामानय व्हील चेयर एवं तीन नग फोल्डिंग वॉकर उपलब्ध कराने निवेदन किया गया था। दो माह से अधिक समय गुजर जाने के बाद भी समाज कल्याण विभाग, कोरबा की उप संचालक श्रीमती गोयल द्वारा बुजुर्गों के लिए व्हील चेयर उपलब्ध नहीं कराई गई। जबकि इस बीच सामग्री के लिए कार्यालय से संपर्क भी किया गया।

3 जून, 2025 को संस्था द्वारा इस संदर्भ में कलेक्टर तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को पत्र लिख गया और बताया कि लिखित में अनुरोध पत्र देने के दो माह से अधिक समय गुजर जाने के बाद भी व्हील चेयर फोल्डिंग वॉकर उपलब्ध नहीं कराया गया है। कलेक्टर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को शिकायत पत्र प्रस्तुत करने के 15 दिनों बाद 18 जून, 2025 को समाज कल्याण विभाग द्वारा संस्था को बुजुर्गों के आधार कार्ड प्र्रस्तुत कर मांगी गई सामग्री प्राप्त करने कहा गया। यानी लगभग तीन माह तक समाज कल्याण विभाग ने जरूरतमंद बुजुर्गों को टॉयलेट एवं सामान्य व्हील, फोल्डिंग वॉकर उपलब्ध कराना जरूरी नहीं समझा। चुंकि टॉयलेट एवं सामान्य व्हील, फोल्डिंग वॉकर की अति आवश्यकता थी, इसलिए संस्था ने ढाई माह इंतजार करने के बाद अन्य संस्थाओं के सहयोग से उक्त सामग्री प्राप्त की।

गौरतलब है कि प्रशांति वृद्धाश्रम का संचालन नवदृष्टि समाजसेवी संस्था द्वारा 20 वर्षों से किया जा रहा है। प्रशांति वृद्धाश्रम समाज कल्याण की योजना के अंतगर्त ही संचालित है। नवदृष्टि समाजसेवी संस्था वृद्धाश्रम के संचालन के लिए किसी भी प्रकार का शासकीय अथवा गैर शासकीय अनुदान प्राप्त नहीं किया जाता है। संस्था द्वारा अपने स्रोत तथा जनसहयोग से वृद्धाश्रम का संचालन किया जा रहा है। वृद्धाश्रम में वर्तमान में 24 बुजुर्ग निवासरत हैं। बुजुर्गों को भोजन सहित अन्य सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं।

Related Articles

Back to top button