Chhattisgarh

कोरबा विधानसभा में फॉर्म-7 के दुरुपयोग का मामला, विलोपन पीड़ितों की मदद के लिए 3 दिवसीय कैंप, साजिश रचने वालों पर एफआईआर की तैयारी

कोरबा, 05 फरवरी । कोरबा विधानसभा क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के दौरान फॉर्म-7 के दुरुपयोग का गंभीर मामला सामने आया है। मतदाता सूची से नाम विलोपित कराने की कथित साजिश के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित मतदाताओं की मदद के उद्देश्य से मुस्लिम समाज द्वारा मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

इस अभियान के तहत सुन्नी मुस्लिम जमात द्वारा शहर के विभिन्न इलाकों में तीन दिवसीय विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं। इन कैंपों में उन मतदाताओं की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है, जिनके नाम विलोपन के लिए प्रस्तावित सूची में शामिल कर दिए गए हैं। साथ ही मामले में साजिश रचने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए शिकायत पत्र भी तैयार किए जा रहे हैं।


सुन्नी मुस्लिम जमात के अध्यक्ष हाजी एखलाख खान ने बताया कि कोरबा विधानसभा क्षेत्र में एसआईआर सर्वे के बाद जब मतदाता सूची प्रकाशित हुई, तब एक साजिश के तहत अधिकांश मुस्लिम एवं ईसाई मतदाताओं के नाम कटवाने के उद्देश्य से हजारों की संख्या में फॉर्म-7 भरकर निर्वाचन कार्यालय में जमा किए गए। इसके बाद विलोपन सूची में नाम आने से बड़ी संख्या में मतदाता परेशान हो गए।
उन्होंने बताया कि इसी परेशानी को देखते हुए 5 फरवरी से शहर के अलग-अलग पांच स्थानों पर कैंप लगाने की शुरुआत की गई है। कैंप में पहुंचने वाले मतदाताओं का नाम और अन्य विवरण दर्ज किया जा रहा है तथा उनकी ओर से उन लोगों के खिलाफ एफआईआर हेतु आवेदन पत्र भी तैयार कराया जा रहा है, जिन्होंने फर्जी तरीके से फॉर्म-7 भरकर नाम विलोपित कराने का प्रयास किया।

हाजी एखलाख खान ने कहा कि ये कैंप कुल तीन दिनों तक लगाए जाएंगे और जरूरत पड़ने पर आगे भी यह अभियान जारी रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस तरह से समाज के लोगों के नाम चुन-चुनकर मतदाता सूची से हटाने के लिए षड्यंत्र रचा गया है, उसे रोकना बेहद जरूरी हो गया है। यदि ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो भविष्य में भी इस तरह की साजिशें दोहराई जाती रहेंगी।

उन्होंने जानकारी दी कि 7 फरवरी तक शहर के कुल पांच स्थानों पर कैंप लगाए जा रहे हैं। इनमें पुरानी बस्ती कोरबा स्थित मुस्लिम जमात खाना, मुड़ापार स्थित गौसे आजम मस्जिद परिसर, गेरवाघाट (टीपी नगर) स्थित मस्जिद आला हजरत, बुधवारी आरा मशीन पारा स्थित शाही नूरी मस्जिद परिसर तथा घंटाघर चौक स्थित निशा कॉम्प्लेक्स शामिल हैं। विलोपन के लिए प्रस्तावित सूची में शामिल मतदाता इन कैंपों में संपर्क कर अपनी समस्या का समाधान करा सकते हैं।

Related Articles

Back to top button