Chhattisgarh

कोरबा में हिट एंड रन का मामला: नाबालिग चालक ने डॉक्टर की कार को मारी टक्कर, फिर कुचलने की कोशिश

हादसे में सर्जन की दो पसलियां और अंगूठा फ्रैक्चर, पुलिस ने कार जब्त कर शुरू की कार्रवाई

कोरबा, 22 जून। जिले में हिट एंड रन का एक गंभीर मामला सामने आया है। हरदीबाजार थाना क्षेत्र में एक नाबालिग कार चालक ने पहले जिला अस्पताल के सर्जन की कार को टक्कर मार दी और उसके बाद उन्हें दोबारा वाहन से कुचलने का प्रयास किया। हादसे में घायल डॉक्टर को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार जिला अस्पताल कोरबा में पदस्थ सर्जन डॉ. शक्ति डिक्सेना (36) शनिवार को अपनी स्विफ्ट डिजायर कार से जमनीपाली दर्री स्थित निवास जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम रलिया मेन रोड स्थित उमेंदीभांठा के पास भिलाई बाजार की ओर से आ रही एक काले रंग की किया कार (सीजी-12 बीई-1430) ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी कार को सामने से जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि डॉ. डिक्सेना की कार का एयरबैग खुल गया। बावजूद इसके उन्हें गंभीर चोटें आईं। चिकित्सकीय जांच में उनकी दो पसलियां और अंगूठा फ्रैक्चर होना पाया गया है। इसके अलावा सीने, पेट, गले और दोनों हाथों की कलाई में भी चोटें आई हैं।

डॉ. डिक्सेना ने पुलिस को बताया कि दुर्घटना के बाद जब वे वाहन से बाहर निकले तो आरोपी चालक ने कार पीछे कर उन्हें दोबारा कुचलने का प्रयास किया। जान बचाने के लिए उन्हें सड़क छोड़कर खेत की ओर भागना पड़ा।

घटना के बाद उन्होंने अपने परिजनों को सूचना दी और हरदीबाजार थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया है कि वाहन एक कोल ट्रांसपोर्टर के परिवार से संबंधित है तथा उसे एक नाबालिग चला रहा था। कार में उसके साथ दो अन्य नाबालिग भी सवार थे।

हरदीबाजार थाना प्रभारी आशीष सिंह ने बताया कि जांच में चालक के नाबालिग होने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त किया कार को जब्त कर लिया है तथा नाबालिग चालक की काउंसलिंग के साथ उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Related Articles

Back to top button