Chhattisgarh

कोरबा में सरकारी जमीन पर कब्जे की कोशिश, ग्रीन जोन में रातोंरात पक्का निर्माण, नगर निगम ने जारी किया नोटिस

कोरबा, 11 फरवरी। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 28 स्थित हेलीपैड नर्सरी (ग्रीन जोन) की शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। यहां रातोंरात पक्के मकान का निर्माण किए जाने की कोशिश की जा रही थी। मामले की जानकारी मिलते ही नगर निगम ने निर्माण कार्य पर कार्रवाई करते हुए अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ नोटिस जारी किया है।

जानकारी के अनुसार ग्रीन जोन क्षेत्र में एक कमरेनुमा प्लॉट काटकर दीवारें खड़ी की जा रही थीं और पक्का निर्माण शुरू कर दिया गया था। नगर निगम की टीम की नजर पड़ते ही कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई। रविशंकर जोन कार्यालय की ओर से 7 तारीख को नोटिस जारी कर स्पष्ट किया गया है कि शासकीय भूमि पर कब्जा करना नियम विरुद्ध है और संबंधित निर्माण अवैध है।

मौके पर अभी भी निर्माण सामग्री और खड़ी की गई दीवारें मौजूद हैं। अधिकारियों को आशंका है कि कब्जाधारी दोबारा निर्माण पूरा कर भूमि पर स्थायी कब्जा करने का प्रयास कर सकता है। जिस स्थान पर निर्माण किया जा रहा था, उसके पास ही एक सामाजिक भवन भी स्थित है, जिसका पूर्व में स्थानीय जनप्रतिनिधि द्वारा उद्घाटन किया गया था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अवैध निर्माण का कार्य रात के समय किया गया, ताकि इसकी भनक न लग सके।

हेलीपैड नर्सरी क्षेत्र में अवैध कब्जों को लेकर वार्ड पार्षद पहले भी कई बार नगर निगम से शिकायत कर चुके हैं। कुछ वर्ष पूर्व भी निगम द्वारा ग्रीन जोन में किए गए अतिक्रमण पर कार्रवाई की गई थी, लेकिन अब फिर से कब्जे की कोशिशें सामने आने लगी हैं।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि शहर के बीच स्थित हेलीपैड नर्सरी क्षेत्र हरित क्षेत्र और ऑक्सीजन जोन के रूप में महत्वपूर्ण है, जहां बड़ी संख्या में लोग सुबह-शाम टहलने पहुंचते हैं। लगातार बढ़ती कब्जे की घटनाओं से इस हरित क्षेत्र के अस्तित्व पर खतरा मंडराने लगा है।

क्षेत्र की सड़क किनारे पेड़ों पर जमीन को प्रस्तावित बताने वाले पोस्टर और बैनर भी लगाए गए हैं। मामले में नगर निगम के संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका। निगम द्वारा आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

Related Articles

Back to top button