कोरबा में संत गाडगे बाबा की 150वीं जयंती पर श्रद्धांजलि, शिक्षा और स्वच्छता का दिया संदेश

कोरबा, 23 फरवरी 2026। महान समाज सुधारक संत गाडगे बाबा की 150वीं जन्म जयंती के अवसर पर बालको स्थित सामाजिक सामुदायिक भवन में श्रद्धा और उत्साह के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत संत गाडगे बाबा के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर पूजा-अर्चना के साथ हुई। उपस्थित जनों ने उनके विचारों को स्मरण करते हुए समाज में शिक्षा, स्वच्छता और समानता के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर बालको इकाई के अध्यक्ष गिरधारी बरेठ ने कहा कि संत गाडगे बाबा ने समाज को जो प्रेरणा दी, वह आज भी उतनी ही प्रासंगिक है। उन्होंने कहा, “एक रोटी कम खाओ, अपने बच्चों को जरूर पढ़ाओ” जैसे विचार देकर संत गाडगे बाबा ने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का आधार बनाया। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समाज में वास्तविक सुधार संभव है।
कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठ समाजसेवक जी.पी. बरेठ, सत्यनारायण कर्ष, डोमराज बरेठ, बालको इकाई के कोषाध्यक्ष रविशंकर बरेठ, विद्या भूषण बरेठ, राहुल बरेठ, बालमुकुंद बरेठ सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में उपस्थितजनों ने संत गाडगे बाबा के आदर्शों को आत्मसात करने और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।




