Chhattisgarh

कोरबा में वैष्णव विकास समिति की नई कार्यकारिणी का गठन, सर्वसम्मति से लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय

कोरबा, 4 मई 2026। शहर के बजरंग देव हनुमान मंदिर परिसर में श्री वैष्णव विकास समिति, कोरबा की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले भर से वैष्णव समाज के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को मजबूत करना एवं नई कार्यकारिणी का गठन करना था। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जहां उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से नई टीम का चयन किया।

बैठक में समाज के वरिष्ठजनों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में विचार-विमर्श के बाद नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। सर्वसम्मति से लोमश वैष्णव (गेवरा) को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं, कामेश्वर वैष्णव को उपाध्यक्ष, नर्मदा प्रसाद वैष्णव को कोषाध्यक्ष तथा पार्षद दिनेश वैष्णव को सचिव नियुक्त किया गया। सभी नव-निर्वाचित पदाधिकारियों का उपस्थित जनों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि वैष्णव समाज हमेशा से सामाजिक एकता, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक मूल्यों को आगे बढ़ाने में अग्रणी रहा है। नई कार्यकारिणी से अपेक्षा जताई गई कि वह समाज के उत्थान, युवा पीढ़ी के मार्गदर्शन और सामाजिक गतिविधियों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

नव-निर्वाचित अध्यक्ष लोमश वैष्णव ने अपने संबोधन में सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ करेंगे। उन्होंने समाज को संगठित रखते हुए विकास के नए आयाम स्थापित करने का संकल्प भी दोहराया।

बैठक के अंत में समाज की एकजुटता बनाए रखने और समय-समय पर सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

Related Articles

Back to top button