कोरबा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के दौरे पर युवा कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी

कोरबा, 02 फरवरी। कोरबा जिला युवा कांग्रेस (शहर–ग्रामीण) द्वारा आज कोरबा प्रवास पर पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। युवा कांग्रेस ने मुख्यमंत्री के स्वागत के बजाय किसानों की स्थिति और हालिया मौतों को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया।
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज कोरबा जिले में भारतीय जनता पार्टी के नए जिला कार्यालय भवन के भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। इसी दौरान जिला कांग्रेस कार्यालय से युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन के लिए निकले। प्रदर्शनकारियों के बाहर निकलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें आगे बढ़ने से रोक लिया और रास्ते में ही गिरफ्तार कर लिया।
प्रदर्शन कर रहे युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर “किसानों की मौत पर जश्न नहीं, जवाब चाहिए”, “जब किसान मर रहे हैं तो भाजपा कार्यालय के लिए भूमिपूजन और खर्च क्यों” जैसे नारे लगाए। कार्यकर्ताओं का कहना था कि किसानों की समस्याओं और मौतों के बीच भाजपा द्वारा कार्यालय निर्माण और उत्सवपूर्ण कार्यक्रम आयोजित करना संवेदनहीनता को दर्शाता है।
इस विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राकेश पंकज (कोरबा शहर) और ग्रामीण अध्यक्ष विकास सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे। युवा कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार किसानों की समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय राजनीतिक कार्यक्रमों और भवन निर्माण में व्यस्त है।
पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बनी रही, हालांकि स्थिति पर जल्द ही नियंत्रण पा लिया गया। प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने के बाद पुलिस उन्हें थाने ले गई। युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि किसानों के मुद्दों पर सरकार ने गंभीरता नहीं दिखाई तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज किया जाएगा।










