Chhattisgarh

कोरबा में दो बाइकों की भिड़ंत, सुरक्षाकर्मी की मौत उरगा मुख्य मार्ग पर हुआ हादसा, दो अन्य घायल, पुलिस जांच में जुटी

कोरबा, 31 मार्च (वेदांत समाचार) : कोरबा के उरगा थाना क्षेत्र में सरबुंदिया मुख्य मार्ग पर दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। मृतक की पहचान करतला केरवाद्वरी निवासी 23 वर्षीय करन सिंह यादव के रूप में हुई है। वह अपने दोस्त 25 वर्षीय वीरेंद्र कुमार के साथ पीएसएएस कंपनी के सुरक्षाकर्मी के तौर पर कार्यरत था। दोनों सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक अपनी पहली शिफ्ट पूरी करने के बाद सरबुंदिया में एक दोस्त के घर खाना खाने गए थे। वहां से लौटते समय उनकी बाइक की एक अन्य बाइक से सीधी टक्कर हो गई।

इस दुर्घटना में करन सिंह यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई। वीरेंद्र कुमार और दूसरी बाइक का चालक भी घायल हो गए। राहगीरों की मदद से तीनों को तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों बाइकों की रफ्तार काफी तेज थी और गलत दिशा में वाहन चलाने के कारण यह हादसा हुआ। करन सिंह यादव को सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई थीं, जो उसकी मौत का कारण बनी।

जिला अस्पताल चौकी प्रभारी विश्व नारायण चौहान ने जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल से प्राप्त मेमो के आधार पर मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Back to top button