कोरबा में जमीन विवाद ने ली जान, बड़े भाई ने छोटे भाई की पीट-पीटकर हत्या की, आरोपी गिरफ्तार

कोरबा। जिले के पसान थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सेन्हा छापरपारा में जमीन बंटवारे के विवाद ने एक परिवार को उजाड़ दिया। बड़े भाई ने छोटे भाई की लाठी से बेरहमी से पिटाई कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने ग्राम रक्षा दल की मदद से गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सेन्हा छापरपारा निवासी बैसाखू के दो बेटों के बीच जमीन बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया, जब बड़े बेटे कल्याण यादव (33) ने अपने छोटे भाई दयाराम पर हमला कर दिया। कल्याण ने दयाराम की लाठी से जमकर पिटाई की और उसका गला घोंटने का भी प्रयास किया। गंभीर रूप से घायल दयाराम को मृत समझकर आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद परिजनों ने घायल दयाराम को उपचार के लिए गैरिला स्थित अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पसान थाना प्रभारी चंद्रपाल खांडे ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश और कटघोरा एएसपी नीतीश ठाकुर के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तत्काल आरोपी की तलाश शुरू की, लेकिन वह फरार हो चुका था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने ग्राम रक्षा दल के व्हाट्सएप ग्रुप का सहारा लिया। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी कल्याण यादव साहदामर के पास देखा गया है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने जमीन बंटवारे के विवाद में अपने छोटे भाई की हत्या करना स्वीकार कर लिया। पसान थाना प्रभारी चंद्रपाल खांडे ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।




