कोरबा में गैस सिलेंडर फटा, बड़ा हादसा टला: मां-बेटे समेत परिवार सुरक्षित, मकान को भारी नुकसान

रसोई में गैस पाइप लीकेज से लगी आग, धमाके से दीवारें क्षतिग्रस्त और छत का हिस्सा उड़ा
कोरबा। जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत रामनगर बस्ती में शनिवार देर रात गैस सिलेंडर में हुए भीषण विस्फोट से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में मकान मालिक गजानंद साहू की पत्नी और बच्चे बाल-बाल बच गए। स्थानीय लोगों की सतर्कता और त्वरित प्रयासों से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि विस्फोट से मकान और घरेलू सामान को भारी नुकसान पहुंचा है।
जानकारी के अनुसार, गजानंद साहू के घर की रसोई में खाना बनाते समय गैस सिलेंडर के पाइप से गैस रिसाव होने लगा। देखते ही देखते आग भड़क उठी और कुछ ही क्षणों में सिलेंडर में जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि मकान की दीवारों में दरारें आ गईं तथा छत का हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर उड़ गया।
धमाके के बाद घर में रखा फ्रिज और दूसरा गैस सिलेंडर भी आग की चपेट में आ गए। आग से फ्रिज भी क्षतिग्रस्त हो गया और घर में रखा अधिकांश घरेलू सामान जलकर राख हो गया।
धमाके की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने घर में मौजूद महिला और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद स्थानीय लोगों ने बाल्टी और पाइप के माध्यम से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम और मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में गैस पाइप से लीकेज के कारण आग लगने की आशंका है। उन्होंने बताया कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन मकान और घरेलू सामान को काफी नुकसान पहुंचा है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
घटना के बाद रामनगर बस्ती में दहशत का माहौल है। पुलिस ने नागरिकों से गैस सिलेंडर, रेगुलेटर और पाइप की नियमित जांच कराने तथा गैस रिसाव की स्थिति में तुरंत गैस एजेंसी या अग्निशमन विभाग को सूचना देने की अपील की है।




