कोरबा में कबाड़ चोरी नेटवर्क का बड़ा खुलासा, फरार आरोपी मुकेश उर्फ बरबट्टी ने किया आत्मसमर्पण

कोरबा।
कोरबा जिले में चोरी के कबाड़ की अवैध खरीद-फरोख्त से जुड़े बहुचर्चित मामले में फरार चल रहा मुख्य आरोपी मुकेश साहू उर्फ बरबट्टी ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी और उस पर इनाम भी घोषित किया गया था।
पुलिस के अनुसार, मुकेश उर्फ बरबट्टी संगठित कबाड़ चोरी के एक बड़े नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। इस गिरोह के माध्यम से शहर और आसपास के क्षेत्रों से लोहे का कबाड़, रेल सामग्री, पुलों के लोहे के हिस्से और अन्य कीमती सामान चोरी कर अवैध रूप से खपाया जा रहा था। जांच में सामने आया था कि चोरी के इस माल को ठिकाने लगाने में मुकेश की सक्रिय और अहम भूमिका थी।
इस प्रकरण में पुलिस पहले ही कई अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिनके कब्जे से भारी मात्रा में चोरी का कबाड़ भी जब्त किया गया है। पूछताछ के दौरान ही मुकेश उर्फ बरबट्टी का नाम मुख्य आरोपी के रूप में सामने आया था। इसके बाद से वह लगातार फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा कई बार दबिश दी गई।
न्यायालय में आत्मसमर्पण के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस को अब उससे गहन पूछताछ की अनुमति मिलने की संभावना है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ के दौरान कबाड़ के अवैध कारोबार से जुड़े कई और बड़े नामों का खुलासा हो सकता है, जिससे पूरे चोरी नेटवर्क का पर्दाफाश होने की उम्मीद है।
इस संबंध में कोरबा के सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि आरोपी मुकेश साहू उर्फ बरबट्टी के खिलाफ पूर्व में वारंट जारी किया गया था। आत्मसमर्पण के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।
सीएसपी ने यह भी जानकारी दी कि आरोपी के खिलाफ पूर्व से कई आपराधिक मामले लंबित हैं, जिनकी न्यायालय में सुनवाई चल रही है। वर्तमान में वह पुल चोरी के मामले में मुख्य आरोपी है, जिसमें पुलिस आगे वैधानिक कार्रवाई कर रही है।




