कोरबा में एक हादसे में ढाई साल के बच्चे की मौत हो गई..बड़े भाई ने ट्रैक्टर चालू कर दिया, जिससे छोटा भाई उसकी चपेट में आ गया

कोरबा में सोमवार दोपहर एक हादसे में ढाई साल के बच्चे की मौत हो गई। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पथरीपारा नीलगिरी बस्ती में दो सगे भाई ट्रैक्टर पर खेल रहे थे। इस दौरान बड़े भाई ने ट्रैक्टर चालू कर दिया, जिससे छोटा भाई उसकी चपेट में आ गया।यह घटना वार्ड क्रमांक 20 में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बन रहे मकान स्थल पर हुई। निर्माण कार्य के लिए ट्रैक्टर से ईंटें लाई गई थीं। ट्रैक्टर चालक और हेल्पर ईंटें उतारने में व्यस्त थे। उन्होंने ट्रैक्टर को सड़क किनारे खड़ा करके चाबी उसी में लगी छोड़ दी थी।
वार्ड पार्षद चंद्रलोक सिंह ने बताया कि मृतक ढाई वर्षीय मोहम्मद अब्दुल लतीफ और उसका 5 वर्षीय बड़ा भाई मोहम्मद अंजार के बेटे हैं। दोनों भाई खेलते हुए ट्रैक्टर के पास पहुंचे और उस पर चढ़ गए। बड़े भाई ने ड्राइवर सीट पर बैठकर चाबी घुमा दी, जिससे ट्रैक्टर स्टार्ट हो गया।इस दौरान छोटा अब्दुल लतीफ पहिये के पास नीचे खड़ा था। ट्रैक्टर के अचानक चलने से वह उसकी चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। बड़ा भाई सीट पर होने के कारण सुरक्षित रहा। घायल बच्चे को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी वंदना शर्मा ने बताया कि ट्रैक्टर जब्त कर लिया गया है। मृतक की पहचान ढाई वर्षीय मोहम्मद अब्दुल लतीफ के रूप में हुई है। परिजनों की शिकायत पर मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, लापरवाही से वाहन खड़ी कर चाबी छोड़ना और बच्चों का वाहन के पास पहुंचना हादसे का कारण बना। वैधानिक कार्रवाई जारी है।



