कोरबा पुलिस का सघन अभियान: होली से पहले 33 आरोपी जेल, 94 पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

कोरबा। होली पर्व के मद्देनज़र जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस ने “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत व्यापक चेकिंग और कसावट अभियान चलाया। 01 मार्च 2026 को शहरभर में विशेष कार्रवाई करते हुए असामाजिक तत्वों, गुंडागर्दी और अड्डेबाजी करने वाले 33 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया, जबकि 94 लोगों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।

यह अभियान पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में संचालित किया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने यातायात नियमों के उल्लंघन, शांति भंग की आशंका और रात्रि में सार्वजनिक स्थानों पर बेवजह घूमकर अड्डेबाजी करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया।
कार्रवाई के दौरान बिना नंबर प्लेट वाले 10 वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई। तीन सवारी वाहन चलाने वाले 51 लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। वहीं शराब पीकर वाहन चलाने वाले 27 चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत प्रकरण दर्ज किए गए। इसके अलावा देर रात सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक रूप से घूमने और अड्डेबाजी करने वालों पर भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
इसी क्रम में पुलिस ने धारा 170 बीएनएसएस के अंतर्गत 28 प्रकरणों में 33 आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं धारा 126 (B) और 135(3) बीएनएसएस के तहत 83 प्रकरणों में 94 आरोपियों को पकड़ा गया। सभी के विरुद्ध विधिवत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए इस तरह की सघन कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे होली पर्व शांतिपूर्ण और कानून के दायरे में रहकर मनाएं तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध या अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि जिले में शांति और सौहार्द कायम रखा जा सके।




