Chhattisgarh

कोरबा-पसान मार्ग पर बड़ा हादसा टला, ट्रेलर से रगड़कर बस का आधा हिस्सा क्षतिग्रस्त, तीन यात्री घायल

कोरबा-पसान, 1 अप्रैल 2026। पेंड्रा से कोरबा आ रही जय श्री (राजपूत कंपनी) की यात्री बस बुधवार सुबह एक हादसे का शिकार हो गई। हालांकि घटना में बड़ा नुकसान टल गया और बस में सवार यात्रियों में से केवल तीन लोगों को मामूली चोटें आईं, जिनमें एक महिला भी शामिल है।

जानकारी के अनुसार बस क्रमांक CG 10 BG 1600 सुबह करीब 9 बजे पेंड्रा से कोरबा की ओर आ रही थी। इसी दौरान पसान थाना क्षेत्र के ग्राम लैंगा के पास बांस प्लांट मार्ग पर सामने से आ रहे एक ट्रेलर से उसका संपर्क हो गया। ट्रेलर क्रमांक CG 10-1301 दुर्ग से मध्य प्रदेश की ओर जा रहा था, जिसमें रेलवे निर्माण से संबंधित लोहे की सामग्री लोड थी।

बताया जा रहा है कि ट्रेलर में लोड किया गया लोहे का कुछ हिस्सा बाहर की ओर निकला हुआ था। जब बस और ट्रेलर एक-दूसरे के पास से गुजर रहे थे, तभी बाहर निकला लोहे का हिस्सा बस से रगड़ते हुए निकल गया। इस टक्कर में बस के चालक की ओर का लगभग आधा हिस्सा बीच से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के तुरंत बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

दुर्घटना में ग्राम पत्थरफोड़ पसान निवासी महिला यात्री परसिया बाई को अपेक्षाकृत अधिक चोट आई, जबकि अन्य दो यात्रियों को भी हल्की चोटें आईं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

पसान थाना प्रभारी एसआई चन्द्रपाल खाण्डे ने बताया कि बस चालक पंकज यादव की रिपोर्ट पर ट्रेलर चालक सौरभ पटेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281, 125(ए) तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने ट्रेलर वाहन को जब्त कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Back to top button