कोरबा : दिपका विस्तार परियोजना में उत्कृष्ट कार्य — SECL के सहायक प्रबंधक रोशन मेश्राम को “Young Manager Award”

कोरबा,28 नवम्बर (वेदांत समाचार)। SECL के 41वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य समारोह में दिपका क्षेत्र के सहायक प्रबंधक (खनन) रोशन मेश्राम को “Young Manager Award” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें दिपका विस्तार परियोजना के अंतर्गत ग्राम मलगांव एवं हरदीबाजार में भूमि अधिग्रहण एवं पुनर्वास कार्यों में उल्लेखनीय योगदान, नेतृत्व क्षमता और उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए प्रदान किया गया।
समारोह में बताया गया कि यह उपलब्धि दिपका क्षेत्र के क्षेत्रीय महाप्रबंधक संजय कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन तथा राज्य प्रशासन और राजस्व विभाग के सहयोग से संभव हो पाई। नोडल अधिकारी के रूप में श्री मेश्राम ने न केवल अधिग्रहण प्रक्रिया को गति दी, बल्कि ग्रामीणों के बीच विश्वास, पारदर्शिता और बेहतर संवाद स्थापित करते हुए परियोजना को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया।
दिपका विस्तार परियोजना के लिए हरदीबाजार और मलगांव में भूमि अधिग्रहण एवं पुनर्वास कार्यों को तेजी से संपन्न कराने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रशासनिक प्रक्रियाओं, डाटा संकलन, मुआवजा वितरण, शिकायत निवारण और मकान मापी प्रणाली में नई गति और पारदर्शिता लाई। उल्लेखनीय रूप से मलगांव का विस्थापन एवं पुनर्वास मात्र डेढ़ माह में पूरा किया गया, जो SECL के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
ग्राम में स्थापित Facilitation Centre के माध्यम से दस्तावेज़ीकरण, शिकायत निवारण और त्वरित समाधान सुनिश्चित किया गया। उन्होंने भूमि अधिग्रहण कार्यों में तकनीकी एवं डिजिटल प्रथाओं को शामिल करते हुए निगरानी और पारदर्शिता प्रणाली को मजबूत बनाया।
ग्राम हरदीबाजार में संपत्ति मापन प्रक्रिया का नेतृत्व करते हुए श्री मेश्राम ने सर्वे टीम, राज्य प्रशासन और SECL अधिकारियों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित किया। उनके द्वारा Coal India में पहली बार मानकीकृत Measurement Book प्रारूप का विकास और लागू किया गया, जिसने पूरी प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और परिणाम-उन्मुख बनाया।
अधिकारियों ने श्री मेश्राम के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनका समर्पण, नेतृत्व और अथक प्रयास दिपका विस्तार परियोजना की प्रगति में मील का पत्थर सिद्ध हुए हैं। उनके प्रयासों ने कंपनी और स्थानीय समुदाय के बीच विश्वास एवं सहयोग को नई दिशा प्रदान की है।




