Chhattisgarh

कोरबा: गेवरा खदान में केबल चोरी की कोशिश, विरोध करने पर पंप ऑपरेटरों पर जानलेवा हमला

कोरबा। एसईसीएल की गेवरा खदान में बीती रात एक गंभीर घटना सामने आई, जहां खुसरुडीह स्थित पंप शेड में अज्ञात बदमाशों ने घुसकर केबल चोरी करने का प्रयास किया। विरोध करने पर ड्यूटी पर तैनात पंप ऑपरेटरों पर जानलेवा हमला कर दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, देर रात 4 से 5 अज्ञात व्यक्ति पंप शेड में पहुंचे और केबल काटने लगे। मौके पर मौजूद पंप ऑपरेटर मोहन सिंह और दुलार साय ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की, तो बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया और जमकर मारपीट की।

हमले में दोनों पंप ऑपरेटर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद सहकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को नेहरू शताब्दी चिकित्सालय, गेवरा में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है।

बताया जा रहा है कि हमलावरों ने कर्मचारियों के मोबाइल फोन भी छीनकर फेंक दिए, ताकि घटना की सूचना तत्काल बाहर न पहुंच सके और वे आसानी से मौके से फरार हो सकें।

घटना के बाद खदान क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। एक ओर प्रबंधन और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) द्वारा सुरक्षा के दावे किए जाते हैं, वहीं इस तरह की घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था की वास्तविक स्थिति को उजागर कर रही हैं।

घटना से आक्रोशित कर्मचारियों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। मामले की जानकारी संबंधित प्रबंधन और सुरक्षा एजेंसियों को दे दी गई है।

Related Articles

Back to top button