Chhattisgarh

कोरबा के भैंसमा ग्रामीण बैंक में चोरी का प्रयास, ताला तोड़कर लॉकर तक पहुंचा चोर; CCTV बंद मिलने से बढ़ी पुलिस की चुनौती

कोरबा । जिले के भैंसमा गांव स्थित छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक में सोमवार रात चोरी का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। अज्ञात चोर बैंक का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुआ और लॉकर व तिजोरी तक पहुंचने की कोशिश की, लेकिन वह अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सका। इसके बाद आरोपी बिना चोरी किए ही मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी बैंक का मुख्य ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुआ था। बैंक में प्रवेश करने के बाद उसने मुख्य ताला अपने साथ ले लिया। पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने सबूत मिटाने और जांच को प्रभावित करने के इरादे से ताला अपने साथ ले गया होगा। इसके बाद उसने बैंक के लॉकर और अन्य अलमारियों को खोलने का प्रयास किया, लेकिन वह उन्हें खोल नहीं सका।

घटना के बाद बैंक की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं। बैंक में लगे CCTV कैमरे बंद पाए गए। वहीं, रात के समय बैंक में कोई सुरक्षा गार्ड भी तैनात नहीं था। बैंक मैनेजर ने पुलिस को बताया कि CCTV कैमरे काम नहीं कर रहे थे। ऐसे में बैंक के अंदर प्रवेश करने वाले आरोपी की पहचान करने में पुलिस को परेशानी हो रही है।

हालांकि, पुलिस ने आरोपी तक पहुंचने के लिए बैंक के आसपास और आने-जाने वाले रास्तों पर लगे अन्य CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी किस रास्ते से बैंक तक पहुंचा और वारदात के बाद किस दिशा में फरार हुआ।

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि पुलिस ने मामले में नकबजनी और चोरी के प्रयास का अपराध दर्ज किया है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच की जा रही है। बैंक के आसपास संदिग्ध गतिविधियों और आने-जाने वाले लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी ने बैंक की पहले से रेकी की थी या नहीं। इसके अलावा घटना में किसी स्थानीय व्यक्ति की भूमिका होने की संभावना को लेकर भी जांच की जा रही है।

सीएसपी ने बताया कि पुलिस समय-समय पर जिले के सभी बैंक प्रबंधकों की बैठक लेकर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश देती है। कुछ दिन पहले ही जिले के बैंकों का सुरक्षा सर्वे कराया गया था। इस दौरान कई जगह सुरक्षा संबंधी कमियां सामने आई थीं। इसके बाद संबंधित बैंक प्रबंधन को नोटिस जारी कर सुरक्षा व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिए गए थे।

भैंसमा ग्रामीण बैंक में चोरी के प्रयास के बाद एक बार फिर बैंकिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ खड़े हुए हैं। CCTV कैमरों का बंद होना और रात में सुरक्षा गार्ड की तैनाती नहीं होना गंभीर लापरवाही मानी जा रही है।

पुलिस ने जिले के सभी बैंकों और वित्तीय संस्थानों को CCTV कैमरों को दुरुस्त रखने और रात के समय सुरक्षा गार्ड की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सीएसपी ने चेतावनी दी है कि सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही मिलने पर संबंधित बैंक प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बैंक के उच्च कार्यालय को पत्र लिखकर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की सिफारिश भी की जाएगी।

फिलहाल पुलिस आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी हुई है। आसपास के CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। बैंक से किसी रकम या अन्य सामान की चोरी हुई है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button