केंद्र के समान डीए देने की घोषणा कर्मचारियों के लिए बड़ा तोहफा – मटियारा

जांजगीर। प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली राज्य सरकार द्वारा शासकीय कर्मचारियों को केंद्र के समान महंगाई भत्ता देने की घोषणा का स्वागत करते हुए प्रदेश मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त भरत मटियारा ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है।
श्री मटियारा ने कहा कि केंद्र के समान डीए की घोषणा से प्रदेश के लाखों शासकीय कर्मचारियों को सीधा लाभ मिलेगा तथा उनकी आर्थिक स्थिति और अधिक सुदृढ़ होगी। यह निर्णय कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही मांगों के प्रति सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है।


उन्होंने इस अवसर पर प्रदेश के समस्त शासकीय कर्मचारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भाजपा सरकार सर्वस्पर्शी एवं सर्वहितैषी निर्णय लेने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। सरकार ने यह स्पष्ट कर दिया है कि वह कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान को गंभीरता से लेते हुए ठोस निर्णय कर रही है।


श्री मटियारा ने कर्मचारियों से भाजपा सरकार पर भरोसा बनाए रखने का आग्रह करते हुए कहा कि आने वाले समय में भी राज्य सरकार कर्मचारी हितों से जुड़े फैसलों को प्राथमिकता के साथ लेती रहेगी।


गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में राज्य कर्मचारी संघ का दो दिवसीय प्रांतीय सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें केंद्र स्तर के कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी भी शामिल हुए। सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने राज्य के शासकीय कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित मांग—केंद्र के समान महंगाई भत्ता—को मंजूरी देने की घोषणा की।


मुख्यमंत्री की इस घोषणा को नववर्ष में कर्मचारियों के लिए एक बड़ा तोहफा माना जा रहा है। डीए की मांग लंबे समय से लंबित थी, जिसे पूरा कर राज्य सरकार ने कर्मचारियों में नई ऊर्जा और विश्वास का संचार किया है। साथ ही मुख्यमंत्री ने अन्य लंबित मांगों को भी चरणबद्ध तरीके से पूरा करने का आश्वासन देकर कर्मचारी हितों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया है।

Related Articles

Back to top button