कुदुरमाल एनिकट में मछली पकड़ते युवक की डूबने से मौत, 24 घंटे बाद मिला शव

कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र के कुदुरमाल एनिकट में शनिवार को मछली पकड़ने गए 40 वर्षीय युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान कुदुरमाल ग्राम पंचायत के परसाभवना निवासी धरम धनुहार के रूप में हुई है। पति को डूबता देख पत्नी ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव और पानी की गहराई के कारण वह सफल नहीं हो सकी। हालांकि, वह खुद किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आई।
जानकारी के अनुसार धरम धनुहार शनिवार सुबह अपनी पत्नी के साथ कुदुरमाल एनिकट में मछली पकड़ने गया था। इसी दौरान मछली पकड़ते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। पत्नी ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन देखते ही देखते धरम गहरे पानी में समा गया। इसके बाद घबराई पत्नी गांव पहुंची और परिजनों तथा ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलने पर उरगा पुलिस मौके पर पहुंची और नगर सेना की DDRF टीम को बुलाया गया। टीम ने शनिवार देर शाम तक एनिकट में रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन युवक का पता नहीं चल सका। रविवार सुबह फिर से तलाश शुरू की गई। काफी मशक्कत के बाद DDRF टीम ने धरम का शव पानी से बरामद कर लिया।
उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि शव बरामद कर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने एनिकट क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है, ताकि लोगों को गहरे एवं खतरनाक हिस्सों की जानकारी पहले से मिल सके।




