Chhattisgarh

CG ब्रेकिंग: झीरम घाटी कांड पर बयानबाज़ी पड़ी भारी, PCC प्रवक्ता विकास तिवारी पदमुक्त

रायपुर, 01 जनवरी। झीरम घाटी कांड को लेकर सार्वजनिक रूप से की गई बयानबाज़ी कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता विकास तिवारी को भारी पड़ गई है। पार्टी लाइन से हटकर दिए गए बयानों को गंभीरता से लेते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) ने सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें प्रवक्ता पद से पदमुक्त कर दिया है। साथ ही प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर विकास तिवारी को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है।

प्रदेश कांग्रेस द्वारा जारी नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि विकास तिवारी ने झीरम घाटी कांड जैसे संवेदनशील विषय पर व्यक्तिगत बयान देकर पार्टी की आधिकारिक नीति और रुख से अलग राय रखी है, जो अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। नोटिस में उन्हें तीन दिन के भीतर लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

दरअसल, विकास तिवारी ने हाल ही में झीरम घाटी कांड के मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व मंत्री कवासी लखमा का नार्को टेस्ट कराए जाने की सार्वजनिक मांग की थी। इतना ही नहीं, उन्होंने उस समय के भाजपा के प्रदेश प्रभारी रहे और वर्तमान में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का भी नार्को टेस्ट कराने की बात कही थी। उनके इस बयान ने प्रदेश की राजनीति में तीखी प्रतिक्रिया पैदा कर दी थी।

कांग्रेस संगठन ने इस पूरे मामले को पार्टी की छवि और अनुशासन से जोड़ते हुए त्वरित कदम उठाया है। PCC का मानना है कि झीरम घाटी कांड जैसा गंभीर और संवेदनशील विषय राजनीतिक बयानबाज़ी के बजाय न्यायिक प्रक्रिया और तथ्यों के आधार पर देखा जाना चाहिए। पार्टी ने यह भी संकेत दिया है कि जवाब संतोषजनक नहीं होने की स्थिति में आगे और कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है।

इस घटनाक्रम के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और झीरम घाटी कांड एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गया है।

Related Articles

Back to top button