Chhattisgarh

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने ली साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक, लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण और अवैध कब्जे हटाने के दिए निर्देश

जांजगीर-चांपा, 09 मार्च । जांजगीर चांपा कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि समय-सीमा के लंबित प्रकरणों और प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को समय पर राहत मिल सके।

कलेक्टर ने राजस्व प्रकरणों के शीघ्र समाधान और आमजन से जुड़े विकास कार्यों में तेजी लाने पर जोर देते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध तरीके से पहुंचना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में कलेक्टर ने शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला एवं बाल विकास विभाग को बेहतर समन्वय बनाकर स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में आधार अपडेटेशन शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही शेष छात्र-छात्राओं का आधार अपडेटेशन कार्य 31 मार्च तक पूरा करने को कहा।

बैठक में आरबीसी 6-4 के अंतर्गत लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने प्राकृतिक आपदा या अन्य पात्र परिस्थितियों में प्रभावित हितग्राहियों को आर्थिक सहायता राशि जल्द स्वीकृत और वितरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जिले में 13 से 23 मार्च तक जनसमस्या निवारण शिविर तथा 9 से 30 मार्च तक राजस्व पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। इन शिविरों में सभी अधिकारी-कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि प्राप्त आवेदनों और शिकायतों का तत्काल निराकरण किया जा सके।

कलेक्टर ने सभी विभागों को कार्यालयीन फाइलों का संधारण ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से करने के निर्देश दिए, जिससे कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को नियमित रूप से ई-अटेंडेंस दर्ज करने तथा समय पर कार्यालय में उपस्थित रहने के भी निर्देश दिए।

बैठक में विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत संचालित निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही संबंधित विभागों को निर्माण मॉनिटरिंग पोर्टल पर कार्यों की प्रगति की नियमित ऑनलाइन एंट्री करने को कहा गया, ताकि कार्यों की प्रभावी निगरानी हो सके।

कलेक्टर ने जिले में अवैध रेत उत्खनन पर रोक लगाने के लिए सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध रेत के मामलों में खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम कार्रवाई करेगी। इसके अलावा सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों के पेंशन प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने के भी निर्देश दिए गए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।

कलेक्टर ने नेशनल हाईवे और ब्लैक स्पॉट वाले स्थानों सहित सड़कों के आसपास किए गए अवैध कब्जों को हटाने के निर्देश देते हुए मार्गों को अतिक्रमण मुक्त करने और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने पर जोर दिया। साथ ही गर्मी के मौसम को देखते हुए संभावित बिजली और पेयजल समस्याओं के समय पर निराकरण के लिए भी संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।

बैठक में डीएफओ हिमांशु डोंगरे, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर आर.के. तम्बोली, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर स्निग्धा तिवारी सहित जिला स्तरीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button