Chhattisgarh

कलयुगी पिता ने 5 वर्षीय बेटे को नहर में डुबोकर उतारा मौत के घाट, पामगढ़ पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी को किया गिरफ्तार


जांजगीर-चांपा। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने अपने ही 5 वर्षीय मासूम बेटे को नहर के गहरे पानी में डुबोकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी रेशम लाल यादव (27) निवासी ग्राम भैसो, थाना पामगढ़ की शादी वर्ष 2018 में हुई थी और उसके तीन बच्चे हैं। पारिवारिक विवाद और मारपीट के चलते उसकी पत्नी अपनी दो बेटियों को लेकर मायके ग्राम भिलौनी चली गई थी, जबकि बेटा आयुष आरोपी के पास ही रह रहा था।

बताया जा रहा है कि आरोपी अक्सर अपनी पत्नी को फोन कर धमकी देता था कि वह पहले बेटे को मार देगा और फिर खुद भी जान दे देगा। 13 मार्च की शाम वह अपने बेटे आयुष को लेकर घर से निकला और 14 मार्च की रात करीब 1 बजे ग्राम भिलौनी स्थित आवास पारा नहर में उसे डुबोकर हत्या कर दी। इसके बाद रात करीब 2 बजे आरोपी अपनी पत्नी के घर पहुंचा और खुद ही बेटे की हत्या करने की बात बताई।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पामगढ़ सावन सारथी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी सावन सारथी सहित पुलिस टीम के संतोष बंजारे, रामदुलार साहू, राजेश कोशले और भुवनेश्वर पटेल का सराहनीय योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button