National

करोड़ों की कोकीन के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार, आरोपियों के 4 विदेशी नागरिक

मुंबई ,19अक्टूबर। मुंबई से दिल्ली तक कोकीन की तस्करी करने वाले तस्करों के गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। इसमें नाइजीरियाई तस्करों की सक्रियता सामने आई है। एनसीबी ने सात किलोग्राम कोकीन को जब्त कर चार विदेशी नागरिकों सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। दो स्थानों से पकड़ी गई कोकीन की कीमत लगभग 30 करोड़ रुपये बताई गई है।

गिरफ्तार होने वालों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। ये सभी नाइजीरियाई तस्करों द्वारा संचालित गिरोह का हिस्सा हैं। दिल्ली से गिरफ्तार की गई महिला ड्रग सिंडिकेट चलाने वाले सरगनाओं में से एक की पत्नी है। इस संबंध में एक अधिकारी ने कहा कि एनसीबी की मुंबई और दिल्ली की इकाइयों ने 13 अक्टूबर को दिल्ली के तिलक नगर इलाके में एक महिला से 4.9 किलोग्राम कोकीन को बरामद किया था। इसे महिला के पास से मिले एक ट्राली बैग में रखा गया था।

जांच के दौरान पता चला कि इसे मुंबई के मस्जिद बंदर क्षेत्र के एक होटल से लाया गया था। इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला को ट्राली बैग देने वाले दो इथियोपियाई नागरिकों को 14 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया। इसी कड़ी में कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित इथियोपिया के दो और नागरिकों को मस्जिद बंदर के एक होटल से पकड़ा गया। इनके पास से दो किलोग्राम कोकीन बरामद की गई। इस तरह से कुल मिलाकर लगभग सात किलोग्राम कोकीन को जब्त किया गया। जांच के दौरान पता चला है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय नाइजीरियाई तस्कर गिरफ्तार लोगों को कोकीन को एक स्थान से दूसरे स्थान पर पहुंचाने के लिए मोटी रकम देते थे।

वहीं असम राइफल्स के जवानों ने मंगलवार को मिजोरम में लगभग 31 करोड़ रुपये की 92,550 नशीली गोलियां जब्त की हैं। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। इस तरह से शनिवार से अब तक असम राइफल्स और मिजोरम पुलिस के जवानों ने 2.72 करोड़ रुपये मूल्य की विदेशी सिगरेट, 34.18 करोड़ रुपये की नशीली दवाएं जब्त की हैं।

Related Articles

Back to top button