Raigarh Crime: बाइक से खतरनाक स्टंटबाजी और अशोभनीय हरकत करना पड़ा भारी, 5 युवक गिरफ्तार, जेल भेजे गए

रायगढ़, 11 नवंबर 2026। सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज पाने के लिए सार्वजनिक सड़क पर बाइक से खतरनाक स्टंटबाजी और अशोभनीय हरकतें करना पांच युवकों को भारी पड़ गया। रायगढ़ के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर स्टंटबाजी और आपत्तिजनक हरकतें कर रहे पांच युवकों की पहचान कर पुलिस ने उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। एसडीएम न्यायालय से जेल वारंट जारी होने के बाद पांचों युवकों को जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, घटना 9 नवंबर की रात की है। पांच युवक दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर सवार होकर शहीद हेमू कलाणी चौक से चक्रधरनगर चौक की ओर जा रहे थे। इस दौरान युवक चलती बाइक पर खतरनाक तरीके से स्टंट कर रहे थे और सार्वजनिक स्थान पर अशोभनीय हरकतें भी कर रहे थे। युवक इन करतूतों का वीडियो भी बना रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति ने अपने मोबाइल से उनका वीडियो रिकॉर्ड कर चक्रधरनगर TI को इसकी जानकारी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए TI निरीक्षक राकेश मिश्रा ने इसकी जानकारी एसएसपी शशि मोहन सिंह को दी। उनके निर्देश पर पुलिस ने वीडियो के आधार पर पांचों युवकों की पहचान की और उन्हें उनके अभिभावकों के साथ थाने बुलाया। पुलिस ने युवकों को समझाइश देते हुए बताया कि सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह की स्टंटबाजी से न केवल उनकी अपनी जान खतरे में पड़ती है, बल्कि राहगीरों और अन्य वाहन चालकों के लिए भी दुर्घटना का खतरा पैदा होता है।
इसके बावजूद मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पांचों युवकों के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस एवं 126, 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की और उन्हें एसडीएम न्यायालय में पेश किया। न्यायालय से जेल वारंट जारी होने के बाद सभी पांचों युवकों को जेल दाखिल कराया गया।
पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई की जद में आए युवकों में विद्याधर देवांगन (21), ऋतिक बरेठ (21), आशीष चौहान (21), आकाश शर्मा (21) और मनीष शर्मा (21) शामिल हैं। सभी रायगढ़ के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि सड़कें स्टंटबाजी और हुड़दंग के लिए नहीं, बल्कि सुरक्षित आवागमन के लिए हैं। सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज पाने के लिए अपनी और दूसरों की जिंदगी खतरे में डालना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रायगढ़ पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल ऐसे वीडियो और गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने और सार्वजनिक स्थानों पर खतरनाक स्टंटबाजी करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




