एसईसीएल मुख्यालय में ले. कर्नल अशोक कुमार का सेवानिवृत्त पर भावभीना विदाई समारोह

बिलासपुर, 29 नवंबर । एसईसीएल मुख्यालय में शनिवार को सेवानिवृत्त हो रहे लेफ्टिनेंट कर्नल अशोक कुमार को भावुक माहौल में विदाई दी गई। दिनांक 30 नवंबर 2025 को सेवानिवृत्त होने वाले ले. कर्नल अशोक कुमार के सम्मान में 29 नवंबर को मुख्यालय स्थित सीएमडी कक्ष में आयोजित समारोह में निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन-प्रशासन/जनसंपर्क) मनीष श्रीवास्तव, विभिन्न विभागाध्यक्ष, श्रम संघ प्रतिनिधि, सुरक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल हुए।
कार्यक्रम में ले. कर्नल अशोक कुमार को शाल, श्रीफल और पुष्पहार पहनाकर सम्मानित किया गया एवं सेवानिवृत्ति उपरांत देय सभी भुगतान का चेक प्रदान कर भावभीनी विदाई दी गई।
निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास ने अपने उद्बोधन में कहा कि ले. कर्नल अशोक कुमार कर्तव्यपरायण, मिलनसार और विपरीत परिस्थितियों में भी कार्य को कुशलतापूर्वक संपादित करने की क्षमता वाले अधिकारी रहे हैं। उन्होंने कहा कि अपनी नेतृत्व क्षमता एवं सकारात्मक व्यवहार के कारण वे मुख्यालय में सभी के बीच लोकप्रिय रहे। उनके योगदान ने एसईसीएल को कई उपलब्धियाँ दिलाईं, जिन्हें सदैव याद किया जाएगा। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सुखी पारिवारिक जीवन की कामना की।
ले. कर्नल अशोक कुमार ने भी एसईसीएल के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि संस्था में कार्य करना उनके लिए गौरव की बात रही। उन्होंने बताया कि सेवा अवधि के दौरान उन्हें वरिष्ठों का मार्गदर्शन, सहयोगियों का साथ और अधीनस्थ कर्मचारियों का स्नेह व सम्मान निरंतर प्राप्त हुआ, जो हमेशा उनकी स्मृति में रहेगा।
कार्यक्रम का संचालन और सेवानिवृत्त अधिकारी का परिचय प्रबंधक (मानव संसाधन-औद्योगिक संबंध) वरुण शर्मा ने प्रस्तुत किया। समारोह के अंत में सभी ने ले. कर्नल अशोक कुमार को शुभकामनाओं के साथ विदाई दी।




