Chhattisgarh

एसईसीएल कुसमुंडा की कॉलोनियों में गहराया पेयजल संकट, तीन दिनों से पानी सप्लाई ठप

कोरबा। एसईसीएल कुसमुंडा क्षेत्र की आवासीय कॉलोनियों में पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है। पुरानी और जर्जर पाइपलाइन से पानी सप्लाई किए जाने के कारण आदर्श नगर, नेहरू नगर और विकास नगर कॉलोनियों में पिछले तीन दिनों से नियमित जलापूर्ति बाधित है। इससे हजारों कर्मचारी परिवारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार विकास नगर पानी टंकी से दांयीं तट नहर तक फोरलेन सड़क किनारे नई पाइपलाइन बिछाने का कार्य दिसंबर माह में शुरू किया गया था। उम्मीद थी कि गर्मी के मौसम में नई पाइपलाइन से जलापूर्ति शुरू होने पर कर्मचारियों और उनके परिवारों को राहत मिलेगी, लेकिन टेस्टिंग के दौरान सामने आई तकनीकी खामियों को समय रहते दूर नहीं किया जा सका। इसके चलते नई पाइपलाइन से अब तक पानी सप्लाई शुरू नहीं हो पाई है।

वहीं पुरानी पाइपलाइन बार-बार फूटने के कारण जलापूर्ति व्यवस्था चरमरा गई है। वर्तमान में आदर्श नगर के लगभग 3 हजार, नेहरू नगर के 200 तथा विकास नगर के करीब 750 परिवार पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। घरों तक पानी नहीं पहुंचने के कारण टैंकरों के माध्यम से पानी सप्लाई की जा रही है, लेकिन इससे भी लोगों को पर्याप्त राहत नहीं मिल पा रही है।

बताया जा रहा है कि नेहरू नगर के पास पाइपलाइन फूटने से आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिसकी मरम्मत का कार्य जारी है। कॉलोनियों में पानी टंकियों को भरने के बाद ही पेयजल वितरण किया जा रहा है।

अहिरन नदी के जलस्तर में कमी से बढ़ी समस्या

एसईसीएल की कॉलोनियों में अहिरन नदी में बोरी बंधान कर पानी रोकने के बाद जलापूर्ति की जाती है। इस पानी को वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में शुद्ध कर टंकियों तक पहुंचाया जाता है। भीषण गर्मी के कारण नदी का जलस्तर घटने से जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो रही है। हालांकि दांयीं तट नहर से पानी लेने का विकल्प मौजूद है, लेकिन नई पाइपलाइन में तकनीकी खामियों के कारण इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।

इधर विकास नगर में नई पानी टंकी का निर्माण कार्य भी जारी है, लेकिन इसके पूरा होने में अभी समय लगेगा।

जलापूर्ति व्यवस्था नहीं सुधरी तो आंदोलन की चेतावनी

अखिल भारतीय कोयला खदान मजदूर संघ (एबीकेकेएमएस) कोरबा-कुसमुंडा इकाई के महामंत्री रंजय सिंह ने कहा कि बार-बार आश्वासन के बावजूद पेयजल व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही नई पाइपलाइन की समस्याओं का समाधान कर नियमित जलापूर्ति बहाल नहीं की गई तो संगठन आंदोलन करने को मजबूर होगा।

उन्होंने बताया कि 15 सूत्रीय मांगों को लेकर दिए गए धरने के बाद प्रबंधन ने समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो पाया है। कर्मचारी परिवारों ने भी जल्द से जल्द स्थायी समाधान की मांग की है।

Related Articles

Back to top button