एनटीपीसी लारा की पहल: स्थानीय युवाओं के लिए कौशलयुक्त भविष्य की दिशा में ठोस कदम

रायगढ़,05 फरवरी 2026। कौशल विकास के माध्यम से राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक मजबूत पहल करते हुए एनटीपीसी लारा ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) योजना के तहत स्थानीय युवाओं के एक बैच को CIPET, कोरबा में व्यावसायिक प्रशिक्षण के लिए रवाना किया। यह पहल समावेशी विकास और स्थायी आजीविका के प्रति एनटीपीसी लारा की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
कार्यक्रम का शुभारंभ सुभाष ठाकुर, परियोजना प्रमुख, एनटीपीसी लारा द्वारा किया गया। इस अवसर पर केशव चंद्र सिंघा रॉय (महाप्रबंधक, प्रचालन एवं अनुरक्षण), हेमंत पावगी (महाप्रबंधक, परियोजना), जाकिर खान (अपर महाप्रबंधक, मानव संसाधन), मनीष कुमार (अपर महाप्रबंधक–तकनीकी सेवाएँ) सहित एनटीपीसी के अन्य वरिष्ठ अधिकारी, प्रशिक्षुओं के अभिभावक एवं चयनित युवा उपस्थित रहे।
तीन माह का यह गहन प्रशिक्षण कार्यक्रम सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोकेमिकल्स इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (CIPET), कोरबा में असिस्टेंट मशीन ऑपरेटर – इंजेक्शन मोल्डिंग ट्रेड में आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक एवं भविष्य-उन्मुख तकनीकी कौशल प्रदान किए जाएंगे, जिससे शिक्षा और रोजगार के बीच की खाई को पाटने में सहायता मिलेगी।
प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए सुभाष ठाकुर ने कहा कि कौशल विकास केवल रोजगार प्राप्त करने का साधन नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण का आधार है। उन्होंने युवाओं से प्रशिक्षण अवधि के दौरान अनुशासन, समर्पण और निरंतर सीखने की भावना बनाए रखने का आह्वान किया।
एनटीपीसी लारा की इस प्रकार की CSR पहलें स्थानीय युवाओं की क्षमताओं को निखारने, उन्हें कुशल पेशेवर बनाने और समुदाय के सामाजिक-आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। यह प्रयास न केवल युवाओं के भविष्य को सुरक्षित कर रहा है, बल्कि राष्ट्र को सशक्त बनाने की दिशा में भी एक सार्थक योगदान है।










