एचटीपीएस से सेवानिवृत्त हुए अति. मुख्य अभियंताएवं अधीक्षण अभियंता को दी गई भावपूर्ण विदाई

कोरबा 02 सितंबर 2025। हसदेव ताप विद्युत गृह (एचटीपीएस) कोरबा पश्चिम से अगस्त माह में अतिरिक्त मुख्य अभियंता पवन कुमार मलघानी एवं अधीक्षण अभियंता प्रदीप कुमार तिवारी सेवानिवृत्त हो गए। सेवानिवृत्त हो रहे दोनों अधिकारियों को पॉवर कंपनी परिवार की ओर से भावपूर्ण विदाई दी गई। इस अवसर पर कार्यक्रम के अध्यक्ष प्रभारी मुख्य अभियंता संजीव कंसल ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए पॉवर कंपनी की ओर से आभार जताया।
प्रभारी मुख्य अभियंता कंसल के हाथों सेवानिवृत्त दोनों अधिकारियों को स्मृतिचिन्ह व सेवा प्रमाण-पत्र भेंट किया गया। समारोह में विशिष्टि अतिथि अतिरिक्त मुख्य अभियंता एमके गुप्ता, पीके. स्वैन, राजेश कुमार पांडेय, केएनबी. राव, एके शाह, सुनील सरना और वरिष्ठ मुख्य रसायनज्ञ एके. कुरनाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। श्रम कल्याण केंद्र में आयोजित दीर्घ सेवा सम्मान समारोह में प्रभारी मुख्य अभियंता एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा सेवानिवृत्त अधिकारियों को स्वस्थ व सुखमय जीवन की शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त अधिकारियों द्वारा अपने कार्यकाल के अनुभवों को साझा किया गया। पवन कुमार मलघानी ने विद्युत मंडल एवं पॉवर कंपनी में 36 वर्ष, 03 माह, 10 दिन की सेवाएं प्रदान की हैं। जबकि प्रदीप कुमार तिवारी ने विद्युत मंडल एवं पॉवर कंपनी में 40 वर्ष 06 माह 17 दिन की लंबी सेवाएं प्रदान की हैं। कार्यक्रम का संचालन करते हुए कल्याण अधिकारी सुरेश सिंह कंवर द्वारा सेवानिवृत्त अधिकारियों का संक्षिप्त जीवन परिचय का उल्लेख किया गया। दीर्घ सेवा सम्मान समारोह में बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी और सेवानिवृत्तों के परिजन उपस्थित रहे।
सेवानिवृत्त अधिकारियों के साथ प्रभारी मुख्य अभियंता संजीव कंसल एवं अन्य अधिकारीगण।