Chhattisgarh

एकतरफा प्रेम में युवक ने युवती के पिता पर चलाई गोली, बाल-बाल बचे,कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र का मामला, आरोपी गिरफ्तार

कोरबा। जिले के बालको थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दोनदारों के आश्रित ग्राम संगम नगर में गुरुवार देर रात एकतरफा प्रेम के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक युवक ने कथित रूप से युवती के पिता पर गोली चला दी। हालांकि सौभाग्य से पिता बाल-बाल बच गए और उन्हें कोई चोट नहीं आई। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, संगम नगर निवासी मां लखन साहू की नाबालिग बेटी को बालको नगर के इंदिरा नगर निवासी 22 वर्षीय साहिल मासी एकतरफा प्रेम करता था। परिजनों का आरोप है कि साहिल लंबे समय से युवती का पीछा करता था और रास्ते में आते-जाते उसे परेशान करता था। इस संबंध में युवती के पिता ने कई बार बालको थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी, लेकिन युवक अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था।

बताया जा रहा है कि गुरुवार रात लगभग 11 बजे साहिल युवती के घर पहुंच गया और परिजनों पर शादी के लिए दबाव बनाने लगा। पिता द्वारा मना करने पर वह आक्रोशित हो गया और कथित रूप से जबरदस्ती करने लगा। इसी दौरान उसने अपने पास रखी बंदूक निकालकर मां लखन साहू पर फायर कर दिया। गोली उन्हें नहीं लगी और वे सुरक्षित बच गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। बालको थाना प्रभारी युवराज तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में मामला एकतरफा प्रेम से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आरोपी से विस्तृत पूछताछ की जा रही है तथा उसके पास से हथियार जब्त कर लिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हथियार वैध था या अवैध।

पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Back to top button