उत्कृष्ट विधायक सम्मान मिलने के बाद अकलतरा पहुंचे राघवेंद्र कुमार सिंह का भव्य स्वागत, भूविस्थापित जीवन निर्वाह भत्ता समिति ने किया सम्मानित

अकलतरा। छत्तीसगढ़ में उत्कृष्ट विधायक के रूप में सम्मानित होने के बाद प्रथम नगर आगमन पर अकलतरा विधायक राघवेंद्र कुमार सिंह का भूविस्थापित जीवन निर्वाह भत्ता समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। फोर लेन चौक पर आयोजित स्वागत समारोह में विधायक को पुष्पगुच्छ भेंट कर, माल्यार्पण करते हुए उनके जनसेवा और क्षेत्र के विकास में किए जा रहे कार्यों की सराहना की गई।
समिति के सदस्यों ने कहा कि उत्कृष्ट विधायक का सम्मान प्राप्त कर राघवेंद्र कुमार सिंह ने न केवल अकलतरा और नरियरा क्षेत्र, बल्कि पूरे जिले का गौरव बढ़ाया है। उनके सम्मान से क्षेत्र के लोगों में खुशी और उत्साह का माहौल है।

स्वागत कार्यक्रम में भूविस्थापित जीवन निर्वाह भत्ता समिति के पदाधिकारी, सदस्य और आठ गांवों से बड़ी संख्या में भूविस्थापित किसान शामिल हुए। लगातार बारिश के बावजूद ग्रामीणों का उत्साह कम नहीं हुआ। खराब मौसम के बीच भी सभी किसान फोर लेन चौक पर विधायक के स्वागत के लिए डटे रहे और सम्मान समारोह संपन्न होने के बाद ही अपने-अपने गांवों के लिए रवाना हुए।
कार्यक्रम के दौरान समिति के प्रतिनिधियों ने विधायक राघवेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व, जनसरोकारों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और क्षेत्र के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विश्वास जताया कि विधायक आगे भी भूविस्थापित किसानों की समस्याओं के समाधान और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रभावी पहल करते रहेंगे।
स्वागत समारोह में उपस्थित लोगों ने विधायक को उत्कृष्ट विधायक सम्मान मिलने पर शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर जनसेवा की कामना की। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों और समिति के सदस्यों ने भाग लेकर अपने लोकप्रिय जनप्रतिनिधि के प्रति सम्मान और विश्वास व्यक्त किया।




