Chhattisgarh

ईरान-इजराइल तनाव का असर: तेहरान एयर स्पेस बंद, रायपुर के यात्री सहित सैकड़ों लोग मुंबई में फंसे

रायपुर। ईरान और इजराइल के बीच बढ़ते तनाव का असर अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवाओं पर साफ नजर आने लगा है। सुरक्षा कारणों से ईरान ने अपना हवाई क्षेत्र अस्थायी रूप से बंद कर दिया है, जिससे देशभर के यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस घटनाक्रम से छत्तीसगढ़ के यात्री भी प्रभावित हुए हैं।

जानकारी के अनुसार 14 जनवरी को तेहरान एयर स्पेस से होकर गुजरने वाली कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को बीच रास्ते से ही वापस मुंबई लौटना पड़ा। इनमें रायपुर निवासी महावीर तालेड़ा भी शामिल हैं, जो अपने परिवार के साथ मुंबई से न्यूयॉर्क जा रहे थे। अचानक फ्लाइट के वापस लौटने से वे और उनके परिवार के सदस्य मुंबई में फंस गए हैं।

महावीर तालेड़ा ने बताया कि उनकी फ्लाइट तय समय पर रवाना हुई थी, लेकिन लगभग दो घंटे की उड़ान के बाद पायलट ने घोषणा की कि तकनीकी और सुरक्षा कारणों से विमान को मुंबई वापस ले जाया जा रहा है। इस घोषणा के बाद विमान में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

सूत्रों के मुताबिक, देर रात 2 बजे के बाद मुंबई से उड़ान भरने वाली कई अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स तेहरान एयर स्पेस से होकर जाने वाली थीं। इसी दौरान ईरान द्वारा एयर स्पेस बंद किए जाने की सूचना मिली, जिसके बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने सभी संबंधित विमानों को वापस लौटने के निर्देश दिए। इसके चलते सुबह करीब 4 बजे कई फ्लाइट्स मुंबई एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड कराई गईं।

अचानक बदले हालात के कारण यात्रियों को घंटों एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा, वहीं आगे की यात्रा को लेकर भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है। एयरलाइंस द्वारा वैकल्पिक व्यवस्था और अगली उड़ानों की जानकारी देने की प्रक्रिया जारी है।

Related Articles

Back to top button