Chhattisgarh

इतवारी- कोरबा के बीच 23 से 28 मार्च तक चलेगी नवरात्रि स्पेशल ट्रेन, 63 स्टेशनों पर रुकेगी

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने चैत्र नवरात्रि के दौरान डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर में लगने वाले मेले में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस (इतवारी)- कोरबा के बीच मेमू स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह गाड़ी 23 से 28 मार्च तक चलेगी। इस दौरान यह ट्रेन 63 स्टेशनों पर रुकेगी और 14 घंटे 30 मिनट में पूरी दूरी तय करेगी।

रेलवे प्रशासन के अनुसार ट्रेन नंबर 06883 नेताजी सुभाष चंद्र बोस (इतवारी)–कोरबा मेमू स्पेशल सुबह 5 बजे इतवारी से रवाना होगी और मध्यवर्ती स्टेशनों से होते हुए शाम 7.30 बजे कोरबा पहुंचेगी। इसी तरह ट्रेन नंबर 06884 कोरबा-नेताजी सुभाष चंद्र बोस (इतवारी) मेमू स्पेशल कोरबा से सुबह 5.10 बजे रवाना होकर निर्धारित स्टेशनों पर रुकते हुए शाम 7.30 बजे इतवारी पहुंचेगी।

सुबह 9.06 बजे पहुंचेगी डोंगरगढ़

इतवारी से चलकर ट्रेन सुबह 9.06 बजे डोंगरगढ़ पहुंचेगी और 9.11 बजे आगे के लिए रवाना होगी। वापसी में कोरबा से आने वाली ट्रेन दोपहर 1.41 बजे डोंगरगढ़ पहुंचेगी और 5 मिनट ठहराव के बाद इतवारी के लिए रवाना होगी।

इन प्रमुख स्टेशनों में होगा ठहराव

कलमना, कामठी, कन्हान, भंडारा रोड, तुमसर रोड, तिरोड़ा, गोंदिया, आमगांव, सालेकसा, दरेकसा, डोंगरगढ़, राजनांदगांव, दुर्ग, भिलाई नगर, भिलाई पावर हाउस, रायपुर, उरकुरा, तिल्दा नेवरा, भाटापारा, बिल्हा, चकरभाठा, बिलासपुर, अकलतरा, जांजगीर-नैला, चांपा, उरगा सहित कुल 63 स्टेशनों में ट्रेन का ठहराव रहेगा।

Related Articles

Back to top button