Chhattisgarh

इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में कोरबा के आकर्षण देवांगन को मिले 7 स्वर्ण पदक

कोरबा, 29 जनवरी। इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ का 17वां दीक्षांत समारोह 28 जनवरी 2026 को गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि रामेन डेका, राज्यपाल छत्तीसगढ़ शासन रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में टंकराम वर्मा, उच्च शिक्षा मंत्री छत्तीसगढ़ शासन एवं अनुज शर्मा, विधायक उपस्थित रहे। दीक्षांत समारोह में विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं।

इस अवसर पर कोरबा जिले के छुरी कला निवासी और केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 2, एनटीपीसी कोरबा में संगीत शिक्षक के पद पर कार्यरत अशोक देवांगन के बड़े सुपुत्र मास्टर आकर्षण देवांगन को एम.ए. (गायन) सत्र 2021-22 में पूरे विश्वविद्यालय में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने पर कुल 7 स्वर्ण पदकों से सम्मानित किया गया। यह क्षण न केवल देवांगन परिवार बल्कि पूरे कोरबा जिले के लिए गौरवपूर्ण और अविस्मरणीय रहा।

आकर्षण देवांगन को जिन स्वर्ण पदकों से सम्मानित किया गया, उनमें मेघराज जैन स्वर्ण पदक, सुनंदा चक्रवर्ती स्वर्ण पदक, पद्माकर यशवंत राव बक्शी स्वर्ण पदक, स्वर्गीय तुलसा देवी हीरालाल जायसवाल स्मृति स्वर्ण पदक, मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन स्वर्ण पदक, शैल बाला सुरेंद्रनाथ मिश्र स्मृति स्वर्ण पदक एवं स्वर्गीय डॉ. अमरेश चंद्र चौबे स्मृति स्वर्ण पदक शामिल हैं। एक साथ 7 स्वर्ण पदक प्राप्त करना विश्वविद्यालय के इतिहास में भी विशेष उपलब्धि माना जा रहा है।

दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय के उपकुलपति प्रोफेसर लवली शर्मा, प्रोफेसर डॉ. नमन दत्त, डॉ. लीकेश्वर वर्मा, डॉ. दिवाकर कश्यप, डॉ. जगदेव नेताम सहित विश्वविद्यालय के अन्य पदाधिकारी, प्राध्यापक एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। सभी ने आकर्षण देवांगन की इस उपलब्धि की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

गौरतलब है कि आकर्षण देवांगन ने मात्र 3 वर्ष की आयु से ही गायन की प्रारंभिक शिक्षा अपने पिता अशोक देवांगन से प्राप्त करनी शुरू कर दी थी। प्रतिभा और निरंतर साधना के बल पर उन्होंने कम उम्र में ही संगीत के क्षेत्र में विशेष पहचान बना ली। इससे पूर्व उन्होंने गुजरात के सयाजी राव विश्वविद्यालय, बड़ोदरा से स्नातक की डिग्री प्राप्त करते हुए वहां भी स्वर्ण पदक अर्जित किया।

वर्ष 2019 में भोपाल में आयोजित अंतरराष्ट्रीय गायन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर आकर्षण देवांगन को प्रख्यात भजन सम्राट अनूप जलोटा के हाथों “सुर श्री” की उपाधि से भी सम्मानित किया जा चुका है। उनकी इस निरंतर सफलता से यह स्पष्ट है कि आने वाले समय में वे भारतीय शास्त्रीय संगीत के क्षेत्र में एक सशक्त पहचान स्थापित करेंगे।

आकर्षण देवांगन का पैतृक गांव छुरी कला, जिला कोरबा है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है और स्थानीय लोगों ने इसे जिले की सांस्कृतिक पहचान के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया है।

Related Articles

Back to top button