आश्रम से 4 छात्राएं गायब, सुपरिटेंडेंट को कारण बताओ नोटिस जारी…
नारायणपुर ,20 नवंबर । छत्तीसगढ़ में नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ में स्थित एक आदर्श आश्रम की 4 छात्राएं लापता हैं। ये बच्चियां पिछले 7 दिनों से लापता है। फिलहाल ये कहां गईं हैं इसकी जानकारी न तो इनके परिजनों को है और न ही अन्य किसी जिम्मेदार अधिकारी को। शिकायत के बाद छात्राओं को ढूंढने का प्रयास जारी है। बताया जा रहा है कि, जिस इलाके में आश्रम है वह नक्सलियों का गढ़ है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि नक्सली भी छात्राओं को अपने साथ ले जा सकते हैं। मामला ओरछा थाना क्षेत्र का है।
दरअसल, ओरछा के आदर्श कन्या आश्रम शाला की तीन और एकलव्य ओरछा की 1 छात्रा गायब है। ये सभी छात्राएं पिछले रविवार को आश्रम से कहां चली गईं, फिलहाल इसकी जानकारी आश्रम अधीक्षिका को भी नहीं है। सभी नाबालिग हैं। बताया जा रहा है कि, छात्राओं के परिजनों को इलाके के लोगों से उनके गायब होने की सूचना मिली थी। जिसके बाद परिजनों ने आश्रम अधीक्षिका पर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों ने बताया कि, उनकी बेटी मुस्कान कक्षा आठवीं में पढ़ाई करती है। उसकी सहेली ज्योति और प्रिया भी गायब हैं। वहीं कक्षा छठवीं में पढ़ने वाली छात्रा पूजा भी लापता है। परिजनों ने बताया कि, ये सभी घर नहीं लौटी हैं।
इस मामले के संबंध में ओरछा थाना में भी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। फिलहाल पुलिस आश्रम के सभी बच्चों अधीक्षक समेत जिम्मेदारों से पूछताछ कर रही है। अब तक छात्राओं का पता नहीं चल सका है। आदिम जाति कल्याण विभाग के सहायक आयुक्त संजय चंदेल के बताया कि, अधीक्षिका को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
इसलिए जताई जा रही आशंका
कुछ समय पहले दंतेवाड़ा जिले में महिला नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया था। नक्सलियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में खुलासा किया था कि माओवादी अंदरूनी इलाके में स्थित आश्रम और छात्रावास से बच्चों को अपने साथ उठाकर ले जाते हैं। जिस महिला नक्सली ने सरेंडर किया था वो भी आश्रम में रहकर पढ़ती थी। उसे भी नक्सली साथ लेकर चले गए थे। दैनिक भास्कर ने उस खबर को भी प्रमुखता से उठाया था और मामले का खुलासा किया था। अब आशंका जताई जा रही है कि कहीं इन छात्राओं को भी नक्सली अपने साथ लेकर तो नहीं चले गए? फिलहाल यह जांच का विषय है।
प्रदेश में सामने आई थी इस तरह की घटनाएं.. जानिए
दमन-दीव में मिली थीं लापता छात्राएं
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के तखतपुर थाना क्षेत्र से लापता हुईं तीन छात्राओं को पुलिस ने दमन दीव से बरामद किया था। वहीं, उन्हें भगाकर ले जाने वाले दो युवकों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया गया। एक आरोपी पहले से शादीशुदा है। उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर दो लड़कियों को प्रेमजाल में फंसा लिया। दोनों लड़की और उनकी एक सहेली को दो युवक डोंगरगढ़ स्थित बम्लेश्वरी देवी के दर्शन कराने के बहाने लेकर गए थे। वहां से ट्रेन में उन्हें दमन दीव राज्य घुमाने ले गए।
तखतपुर क्षेत्र से तीन स्कूली छात्राएं बीते 27 सितंबर को एक साथ गायब हो गई थीं। लड़कियां 11वीं में पढ़ती थीं और घर से परीक्षा देने के नाम पर स्कूल जाने के लिए निकलीं थीं। इसके बाद तीनों घर नहीं लौटीं तब परेशान परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इस दौरान उन्होंने स्कूल और उनके परिचितों से भी जानकारी जुटाई। तब पता चला कि तीनों लड़कियां स्कूल ही नहीं गई थीं।
जानकारी मिलते ही पुलिस में मचा हड़कंप
एक साथ तीन लड़कियों के लापता होने से जहां परिजन अनहोनी की आशंका से घबराए हुए थे। वहीं, पुलिस अफसरों में भी हड़कंप मच गया था। SSP पारुल माथुर ने इस केस को गंभीरता से लिया और SDOP आशीष अरोरा और TI एसआर साहू के साथ स्पेशल टीम बनाकर लड़कियों की तलाश करने के निर्देश दिए।
महाराष्ट्र के कोल्हापुर में होने की मिली सूचना
पुलिस तीनों लड़कियों की तलाश में जुटी हुई थी। इस दौरान आसपास के थानों के साथ ही GRP और RPF के साथ ही दूसरे राज्यों की पुलिस को भी जानकारी दी गई। तब पता चला कि लड़कियों को महाराष्ट्र के कोल्हापुर में देखा गया है। लेकिन, पुलिस ने वेरिफाई किया, तब सूचना गलत निकली