Chhattisgarh

आरक्षक जीडी/ट्रेड के 10 नव-चयनित अभ्यर्थियों को एसपी ने सौंपे नियुक्ति पत्र

जांजगीर-चांपा। जिले में आरक्षक जीडी/ट्रेड के पद पर चयनित 10 अभ्यर्थियों को बुधवार को पुलिस कार्यालय जांजगीर में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) द्वारा नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर एसपी ने सभी नव-नियुक्त आरक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि पुलिस विभाग में सेवा करना गौरव के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है।

उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों से पूरी ईमानदारी, अनुशासन और निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने, आम जनता की सेवा करने तथा जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। एसपी ने कहा कि पुलिस की छवि आम नागरिकों के प्रति व्यवहार और कार्यशैली से बनती है, इसलिए प्रत्येक पुलिसकर्मी को संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व जिले में आरक्षक पद पर चयनित 8 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जा चुके हैं। नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान डीएसपी मुख्यालय विजय पैकरा भी उपस्थित रहे।

नियुक्ति आदेश प्राप्त करते समय अभ्यर्थियों में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला।

नियुक्ति पाने वाले अभ्यर्थियों में रेखा, डिगेश्वर प्रसाद साहू, सतरूपा यादव, वर्षा सिंह, करण सांडे, रोशन कुमार, चितरंजन बघेल एवं गुलशन कुमार (सभी आरक्षक जीडी) तथा सोमनाथ एवं मुकेश कुमार साहू (आरक्षक चालक) शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button