आज नड्डा से मिलेंगे शिवराज, क्या मिशन 2023 की तैयारी?: मंत्रिमंडल विस्तार पर हो सकती है बात, उपचुनाव के बाद से 4 पद खाली

[ad_1]
- Hindi News
- Local
- Mp
- There May Be Talk On Cabinet Expansion, 4 Posts Are Vacant After The By election
भोपाल19 मिनट पहले
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज दोपहर 4.15 बजे दिल्ली पहुंच रहे हैं। उनके इस दौरे से सियासी हलकों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। संसदीय बोर्ड से बाहर होने के बाद शिवराज की पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से यह पहली मुलाकात है। माना जा रहा है कि MP में एक साल बाद विधानसभा के चुनाव हैं, इसे देखते हुए शिवराज जल्द ही राज्य कैबिनेट का विस्तार कर सकते हैं।
दिल्ली प्रवास के दाैरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू से सौजन्य भेंट करेंगे। इसके बाद वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मिलेंगे। इस दौरान प्रदेश में अतिवर्षा और बाढ़ से उत्पन्न स्थिति, राहत व बचाव कार्य की जानकारी उन्हें देंगे। साथ ही कृषि विविधीकरण और प्राकृतिक कृषि की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी देंगे। मुख्यमंत्री देर रात ही वापस भोपाल भी लौट आएंगे ।
कैबिनेट विस्तार कर सकते हैं शिवराज
नड्डा से शिवराज की मुलाकात को लेकर पार्टी के नेताओं का कहना है कि शिवराज जल्द ही कैबिनेट विस्तार कर सकते हैं। शिवराज इसे लेकर नड्डा से चर्चा कर सकते हैं। राज्य मंत्रिमंडल में फिलहाल 4 पद रिक्त हैं। इसमें से तीन पद उपचुनाव में सिंधिया समर्थक तीन मंत्रियों इमरती देवी, गिर्राज दंडोतिया व रघुराज कंषाना के हारने के बाद से खाली हैं। इनके विभाग फिलहाल मुख्यमंत्री के पास हैं। मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री सहित 35 पद हैं। फिलहाल 30 मंत्री हैं।
निगम-मंडलों के रिक्त पदों को भी भरा जाएगा
सूत्रों का कहना है कि कुछ निगम-मंडलों में राजनीतिक नियुक्तियां की जा सकती हैं। इसके लिए स्थानीय निकाय चुनाव होने का इंतजार किया जा रहा था। इसके साथ ही संगठन स्तर पर भी नियुक्तियां होंगी। इसे लेकर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय निकाय चुनाव में जीत-हार की समीक्षा की गई है। अब परफार्मेंस के आधार पर नियुक्तियां की जाएंगी। माना जा रह है कि प्रदेश के 10 से 12 जिलों के अध्यक्ष बदले जा सकते हैं।
हर स्तर पर मिशन 2023 की तैयारी
पार्टी सूत्रों ने बताया कि हर स्तर पर मिशन 2023 की तैयारी चल रही है। पिछले दिनों केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भोपाल प्रवास के दौरान प्रदेश की टॉप लीडरशिप से वन टू वन बात की थी। शाह के भोपाल दौरे से पहले माना जा रहा था कि विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी प्रदेश में कोई बड़ा कदम उठाने वाली है, लेकिन जिस तरह से शिवराज ने तीन दिन पहले इंदौर में संकेत दिए, उससे लगता है कि वे आश्वस्त हैं कि सत्ता स्तर पर कोई परिवर्तन फिलहाल तो नहीं होगा।
मध्यप्रदेश मेरा मंदिर: शिवराज सिंह
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इंदौर में रोजगार मेले को संबोधित करते हुए संकेत दिए थे कि मैं फिर कह रहा हूं कि मप्र मेरा मंदिर है। उसमें रहने वाली जनता ही मेरी भगवान है और पुजारी शिवराज सिंह चौहान है। कोई चिंता मत करना, मामा अभी है। मिल-जुलकर हम साथ बढ़ेंगे।
तीन महीने पहले नड्डा ने दिए थे यह संकेत
1 जून 2022 को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा भोपाल आए थे। तब पत्रकारों ने उनसे पूछा था कि क्या शिवराज सिंह चौहान और वीडी शर्मा की जोड़ी के नेतृत्व में अगला विधानसभा चुनाव लड़ा जाएगा? इस सवाल के जवाब में नड्डा ने कहा- यह प्रश्न बार-बार खड़ा क्यों होता है? हम हर बार उखाड़ कर क्यों देखते हैं कि पेड़ लगा है कि नहीं, बाकायदा लगा हुआ है। ठीक ठाक पौधा चल रहा है। सब लोग काम में जुटे हुए हैं। शिवराजजी के नेतृत्व में अच्छी सरकार चल रही है। ठीक सरकार चल रही है। ये हम कह सकते हैं।
संसदीय बोर्ड से बाहर होने पर शिवराज ने कहा था…
भाजपा संसदीय बोर्ड से बाहर होने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पहली प्रतिक्रिया में कहा था- मुझे बिल्कुल भी घमंड नहीं है कि मैं ही योग्य हूं। पार्टी मुझे दरी बिछाने का काम देगी तो राष्ट्र हित में यह भी करूंगा। पार्टी कहेगी कि जैत (मुख्यमंत्री का गृह गांव) में रहो तो वहां रहूंगा। पार्टी कहेगी कि भोपाल में रहो तो वहां रहूंगा। राजनीति में व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा नहीं होना चाहिए। बीजेपी एक विशाल परिवार है। इसके प्रवाह में कोई आगे बढ़ता है तो कोई बाहर आता है। केंद्रीय स्तर पर एक टीम होती है जो यह तय करती है कि किसे, क्या काम करना है। जैसे हम प्रदेश में तय करते हैं।
Source link