Chhattisgarh

आंधी-तूफान का असर: रिस्दा-भद्रपारा मार्ग पर पेड़ गिरा, आवागमन और बिजली आपूर्ति बाधित

कोरबा, 30 मई 2026। जिले में शनिवार शाम अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। तेज आंधी और तूफान के चलते बालको नगर क्षेत्र के रिस्दा-भद्रपारा मार्ग पर स्थित शासकीय स्कूल के समीप एक बड़ा पेड़ सड़क पर गिर गया। पेड़ गिरने से मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और क्षेत्र में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हो गई।

जानकारी के अनुसार, शनिवार को करीब 15 मिनट तक चली तेज आंधी और तूफान के दौरान यह घटना हुई। पेड़ सड़क के बीचों-बीच गिर जाने से दोनों ओर वाहनों की आवाजाही रुक गई। घटना के बाद राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

पेड़ के बिजली तारों की चपेट में आने से आसपास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति भी बाधित हो गई है। सूचना मिलने के बाद संबंधित विभागों को अवगत कराया गया है। मार्ग से पेड़ हटाने और बिजली व्यवस्था बहाल करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

गनीमत रही कि घटना के समय सड़क पर कोई बड़ा वाहन या राहगीर पेड़ की चपेट में नहीं आया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द मार्ग साफ कराने और बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button