Chhattisgarh

अवैध रेत परिवहन करते पकड़े गए 3 हाइवा, प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

जांजगीर-चांपा, 13 मार्च 2026। जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन लगातार सख्ती बरत रहा है। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध रेत परिवहन में लगे तीन हाइवा वाहनों को जब्त किया है। जब्त वाहनों को थाना बम्हनीडीह के सुपुर्द किया गया है।

प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार जिले में खनिज के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को इस तरह की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने और सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

इसी क्रम में राजस्व एवं खनिज विभाग की टीम ने बम्हनीडीह क्षेत्र में जांच के दौरान अवैध रूप से रेत उत्खनन और परिवहन करते पाए जाने पर तीन हाइवा को जब्त किया।

खनिज विभाग के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के कुल 591 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में 1 करोड़ 67 लाख 32 हजार 540 रुपये की वसूली कर खनिज मद में जमा कराया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण में लिप्त लोगों के खिलाफ छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमावली 2015 के नियम 71 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है।

इसके अलावा कलेक्टर ने राज्य शासन के निर्देश पर अवैध अफीम की खेती की संभावना को देखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में पटवारी, सचिव और कोटवार की टीम तथा नगरीय क्षेत्रों में पटवारी और नगर पालिका/पंचायत की टीम द्वारा संयुक्त सर्वे कराने के भी निर्देश दिए हैं। साथ ही राजस्व, पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों को किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है।

Related Articles

Back to top button