Chhattisgarh

अड़सेना में ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026’ आयोजित, विधायक अनुज शर्मा ने कार्यकर्ताओं को किया संबोधित

रायपुर/ धरसीवां। विधानसभा क्षेत्र के ग्राम अड़सेना (बंगोली मंडल) में ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026’ का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य वक्ता के रूप में विधायक अनुज शर्मा शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा से अवगत कराना और आगामी विकास कार्यों के लिए तैयार करना रहा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का ‘अंत्योदय’ का विचार—अर्थात समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना—ही संगठन का मूल मंत्र है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण ही वह माध्यम है, जिससे एक कार्यकर्ता कुशल नेतृत्वकर्ता बनता है और संगठन को मजबूत करता है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए जमीनी स्तर पर समर्पित भाव से कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि “हम सौभाग्यशाली हैं कि हम उस संगठन का हिस्सा हैं, जिसकी नींव सेवा और त्याग पर टिकी है।”

विधायक ने आगे कहा कि व्यक्ति से बड़ा दल और दल से बड़ा देश होता है। प्रशिक्षण का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं में वैचारिक स्पष्टता लाना है। उन्होंने कहा कि एक अनुशासित कार्यकर्ता ही समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकता है और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना हर कार्यकर्ता का दायित्व है।

उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय जनता पार्टी की ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं और एक सामान्य कार्यकर्ता भी अपने परिश्रम से शीर्ष नेतृत्व तक पहुंच सकता है।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता अनिल सोनी, उपाध्यक्ष सुमित सोनी, मंडल अध्यक्ष चंद्रकांत साहू, सोना वर्मा, मंडल महामंत्री दुलेश साहू, घनश्याम चंद्रकार, योगेश चंद्रकार, दुष्यंत साहू सहित खरोरा क्षेत्र के स्थानीय पदाधिकारी, शक्ति केंद्र संयोजक एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button