Chhattisgarh

अजगरबहार के नर्मदा गांव में कथित गोवंश वध से तनाव, पुलिस ने संदिग्ध को हिरासत में लिया

कोरबा। जिले के बालको नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत वनांचल ग्राम पंचायत अजगरबहार के नर्मदा गांव में कथित गोवंश वध की घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। शनिवार सुबह घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटनास्थल पर गोवंश का सिर, खाल और मांस के टुकड़े पड़े मिले, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया। घटना के विरोध में लोगों ने नारेबाजी करते हुए दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने लोगों को समझाइश देकर शांत कराया तथा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही घटना में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए गांव में एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गई है।

Related Articles

Back to top button