अंतरक्षेत्रीय कबड्डी प्रतियोगिता में एचटीपीएस कोरबा पश्चिम बना चैंपियन, बिलासपुर को 6 अंकों से हराया

कोरबा। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज द्वारा आयोजित अंतरक्षेत्रीय कबड्डी प्रतियोगिता में एचटीपीएस कोरबा पश्चिम की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में कोरबा पश्चिम ने बिलासपुर रीजन को 25-19 से हराकर 6 अंकों से जीत दर्ज की।
पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अभियंता एच.के. सिंह ने विजेता टीम कोरबा पश्चिम को शील्ड प्रदान की, जबकि बिलासपुर रीजन की टीम रनर-अप रही। इस अवसर पर मुख्य अभियंता ने कोरबा पश्चिम की टीम के उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन की सराहना करते हुए खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
समारोह में अतिरिक्त मुख्य अभियंता एम.के. गुप्ता, आर.के. पांडे, के.एन.बी. राव, एस.के. नायर, एस.सी. पाठक तथा परियोजना प्रबंधक एस.के. पंड्या सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों को भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।
प्रतियोगिता में कोरबा पश्चिम के मनरूप कंवर को ऑलराउंडर और माखन लाल कश्यप को बेस्ट कैचर का अवार्ड दिया गया। यह कबड्डी प्रतियोगिता 12 से 14 मार्च 2026 तक हसदेव ताप विद्युत संयंत्र कोरबा पश्चिम की मेजबानी में आयोजित की गई थी।
प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले बिलासपुर रीजन बनाम जगदलपुर रीजन तथा कोरबा पश्चिम बनाम रायपुर सेंट्रल के बीच खेले गए। आयोजन की सफलता पर कोरबा पश्चिम के क्षेत्रीय क्रीड़ा सचिव अविनेश पाठक ने मुख्य अभियंता एच.के. सिंह और खेल समिति का आभार व्यक्त किया।
राष्ट्रीय स्पर्धा के लिए 18 खिलाड़ियों का चयन
कबड्डी की राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए 18 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। इनमें मनरूप कंवर, ईश्वर सिंह कंवर, राकेश बघेल, नरेंद्र दीवान, माखन लाल कश्यप, प्रवीण तिर्की, अनुज प्रताप सिंह, छगन चक्रधारी, राजेंद्र सिदार, विधाता पटेल, गुमान सिंह उर्वशा, प्रकाश सिंह कंवर, शैलेंद्र बट्टी, राम गुलाल दुग्गा, अरुण कंवर, सिरबल पुरामे, कृष्ण कुमार भैना और बिहारी लाल ध्रुव शामिल हैं।




