Chhattisgarh

होली से पहले किसानों को बड़ी सौगात,समर्थन मूल्य की अंतर राशि का एकमुश्त भुगतान, कोरबा के 43,681 किसानों के खातों में 200.81 करोड़ रुपये अंतरित

कोरबा, 28 फरवरी 2026। होली पर्व से पूर्व राज्य सरकार ने समर्थन मूल्य पर धान विक्रय करने वाले किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अंतर राशि का एकमुश्त भुगतान कर बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर प्रदेश के 25 लाख से अधिक किसानों के खातों में 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की गई। राज्य स्तरीय कार्यक्रम बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड के ग्राम रहंगी में आयोजित हुआ, जहां मुख्यमंत्री ने कृषकों से संवाद भी किया।

मुख्यमंत्री ने कोरबा जिले के हरदीमहुवा, ग्राम देवपहरी निवासी कृषक सुखन साय कोरवा से बातचीत कर योजना के लाभ की जानकारी ली। किसान ने बताया कि प्राप्त राशि का उपयोग आवास निर्माण में किया जाएगा।

कोरबा जिले में जिला स्तरीय समारोह सीएसईबी फुटबॉल ग्राउंड में आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण से हुआ।

मंत्री देवांगन ने कहा कि होली के अवसर पर अंतर राशि का अंतरण किसानों के लिए दोहरी खुशी लेकर आया है। उन्होंने बताया कि जिले के 43,681 किसानों के खातों में 200.81 करोड़ रुपये अंतरित किए गए हैं, जिससे कृषि निवेश और पारिवारिक आवश्यकताओं की पूर्ति में सहायता मिलेगी।

महापौर संजू देवी राजपूत ने इसे कृषक उन्नति योजना के तहत ऐतिहासिक पहल बताया, वहीं कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि जिले के सभी विकासखंडों में आदान सहायता वितरण समारोह आयोजित किए गए हैं।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को पम्प, केसीसी ऋण, महाजाल, आइस बॉक्स, कोसाफल राशि, अनुदान चेक एवं अन्य सामग्री वितरित की गई। बड़ी संख्या में किसान एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button