Chhattisgarh

स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, जमनीपाली में छात्र परिषद का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न

कोरबा । स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, जमनीपाली में आज सोमवार को शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छात्र परिषद के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में विद्यालय के नव-मनोनित छात्र पदाधिकारियों ने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से करने का संकल्प लिया।

विद्यालय के प्राचार्य अभिमन्यु साहू ने नव-मनोनित पदाधिकारियों को कर्तव्य एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि छात्र परिषद विद्यालय और विद्यार्थियों के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी होती है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सेवा भावना के साथ कार्य करते हुए विद्यालय के सर्वांगीण विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 12वीं वाणिज्य के साहिल कुमार को छात्र परिषद का अध्यक्ष, कक्षा 12वीं विज्ञान की डॉली यादव को उपाध्यक्ष, कक्षा 11वीं विज्ञान के शशि साहू को सचिव तथा कक्षा 11वीं विज्ञान की प्रियंका कुर्रे को संयुक्त सचिव के रूप में मनोनीत किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के चारों सदनों—गांधी हाउस, सुभाष हाउस, तिलक हाउस एवं टैगोर हाउस—के पदाधिकारियों का भी मनोनयन किया गया तथा उन्हें बैज प्रदान किए गए। साथ ही प्रत्येक सदन के मार्गदर्शन हेतु शिक्षकों को मेंटर नियुक्त किया गया। गांधी हाउस के लिए पी.डी. माणिकपुरी, सुभाष हाउस के लिए जे.पी. साहू, तिलक हाउस के लिए हेमलाल कंवर तथा टैगोर हाउस के लिए अशोक कुमार चंद्र को मेंटर की जिम्मेदारी सौंपी गई।

कार्यक्रम का प्रभावी संचालन सांस्कृतिक प्रभारी रागिनी चौहान ने किया, जबकि अंत में जे.पी. साहू ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का सफल समापन किया।

Related Articles

Back to top button