स्वतंत्रता दिवस पर साइबर जागृति अभियान, मंत्री गुरुवंत खुशवंत ने सेल्फी लेकर दिया साइबर सुरक्षा का संदेश

जांजगीर-चांपा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा “साइबर जागृति” अभियान के तहत साइबर सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता पहल की गई। समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री गुरुवंत खुशवंत ने साइबर थाना जांजगीर में लगाए गए सेल्फी फ्रेम स्टैंड में सेल्फी लेकर आमजन को साइबर अपराध से सतर्क रहने का संदेश दिया।
इस दौरान “सेल्फी लें, संदेश दें—साइबर अपराध से सुरक्षित रहें” के माध्यम से युवाओं और आम नागरिकों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, OTP साझा करने तथा डिजिटल फ्रॉड से बचने के लिए जागरूक किया गया। पुलिस का उद्देश्य साइबर सुरक्षा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।
इस अवसर पर कलेक्टर जांजगीर-चांपा जनमेजय मोहबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय IPS, ASP डॉ. यूलैंडन यार्क, ASP यातायात उदयन बेहार सहित पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
जांजगीर-चांपा पुलिस की यह अभिनव पहल साइबर जागरूकता को आमजन तक पहुंचाने और ऑनलाइन अपराधों से बचाव के प्रति लोगों को सजग करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




