स्टेशन क्षेत्र में शाम 5 से 9 बजे तक हल्के मालवाहक वाहनों पर रोक, यात्रियों को जाम से मिलेगी राहत

रायपुर। शहर में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए यातायात पुलिस रायपुर ने बड़ा निर्णय लिया है। स्टेशन क्षेत्र और तेलघानी नाका चौक के आसपास शाम 5:00 बजे से रात 9:00 बजे तक हल्के मालवाहक वाहनों के प्रवेश और आवागमन पर प्रतिबंध लगाया गया है। यह आदेश 02 मार्च 2026 से प्रभावी किया गया है।
रायपुर शहर में जनसंख्या और वाहनों की संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि के कारण प्रमुख मार्गों पर लगातार जाम की स्थिति बन रही है। विशेषकर केलकर पारा, तेलघानी नाका चौक, गंज मंडी, भैंसथान, नाहरपारा, अग्रसेन चौक, स्टेशन रोड और नर्मदा पारा जैसे अति व्यस्त क्षेत्रों में लगभग 300 गोदाम संचालकों द्वारा हल्के मालवाहक वाहनों से लोडिंग-अनलोडिंग की जाती है। शाम के समय इन वाहनों की अधिक आवाजाही से रेलवे स्टेशन गेट नंबर 1 और 2, तेलघानी नाका चौक और अग्रसेन चौक पर गंभीर यातायात बाधा उत्पन्न होती है, जिससे यात्रियों और स्थानीय रहवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
यातायात के सुचारू संचालन और जन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पहले ही भारी मालवाहक वाहनों के शहर में सुबह 5:00 बजे से रात 12:00 बजे तक प्रवेश पर प्रतिबंध लागू है। अब उसी कड़ी में पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर छोटे और हल्के मालवाहक वाहनों के लिए भी चार घंटे की समयबद्ध रोक लगाई गई है।
प्रतिबंधित मार्गों में अग्रसेन चौक से भैंसथान मार्ग होते हुए तेलघानी नाका चौक, राठौर चौक से तेलघानी नाका चौक, फाफाडीह चौक से स्टेशन चौक होते हुए तेलघानी नाका चौक, चुना भट्टी से गुढ़ियारी अंडरब्रिज और नर्मदा पारा से स्टेशन निकास गेट, कर्मा चौक रामनगर से रामनगर ब्रिज और अंडरब्रिज होकर तेलघानी नाका चौक तथा नहरपारा संजय गांधी चौक से स्टेशन गुरुद्वारा मार्ग शामिल हैं।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय यात्रियों की सुविधा, ट्रैफिक नियंत्रण और जन सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लिया गया है। साथ ही व्यापारियों और गोदाम संचालकों से अपील की गई है कि वे शाम 5:00 बजे से रात 9:00 बजे तक प्रतिबंधित क्षेत्र में हल्के मालवाहक वाहनों का प्रवेश न कराएं और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
पुलिस का मानना है कि इस व्यवस्था से रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों को जाम से राहत मिलेगी और शहर के इस व्यस्त इलाके में यातायात सुचारू रूप से संचालित हो सकेगा।




