सूरजपुर पुलिस की नई आपराधिक कानून प्रदर्शनी चर्चा में, प्रदेश अध्यक्ष किरन सिंहदेव ने किया अवलोकन

सूरजपुर। नए आपराधिक कानूनों के तहत आमजन को जानकारी देने और न्याय व्यवस्था में हुए बदलावों को समझाने के उद्देश्य से सूरजपुर पुलिस द्वारा कोतवाली परिसर में विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। गुरुवार 27 नवंबर 2025 को प्रदर्शनी का अवलोकन प्रदेश अध्यक्ष किरन सिंहदेव, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय और विधायक भूलन सिंह मरावी द्वारा किया गया। सभी अतिथियों ने इस पहल की सराहना की और कहा कि नए कानूनों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने में यह कदम अत्यंत प्रभावी सिद्ध होगा।
प्रदर्शनी में महिला एवं बाल सुरक्षा, शून्य एफआईआर, ई-एफआईआर, त्वरित न्याय, तकनीक आधारित पुलिसिंग, विभिन्न पोर्टल एवं ऑनलाइन सुरक्षा मॉड्यूल से जुड़े प्रावधान आकर्षक डिस्प्ले के जरिए प्रस्तुत किए गए। डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर द्वारा अतिथियों को अभिव्यक्ति, सशक्त, समाधान, त्रिनयन सहित विभिन्न तकनीकी सुधारों की विस्तृत जानकारी दी गई तथा बताया गया कि नई प्रणाली न्याय की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सरल बनाएगी।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि नए आपराधिक कानून न्याय प्रक्रिया को तेज और जनहितकारी बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे। कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि नए संशोधनों से महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा और मजबूत होगी।
प्रदेश अध्यक्ष किरन सिंहदेव ने इसे मजबूत पुलिसिंग की दिशा में आवश्यक कदम बताया और कहा कि इन बदलावों से न्यायिक प्रक्रिया अधिक प्रभावी रूप में आगे बढ़ रही है। प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि ऐसी प्रदर्शनियों से पुलिस और जनता के बीच संवाद और विश्वास बढ़ेगा तथा न्याय व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी।
डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर ने जानकारी दी कि आगामी दिनों में इस प्रदर्शनी का अवलोकन छात्र, कानूनविद, विभागीय अधिकारी और आम नागरिक भी करेंगे। इसका उद्देश्य जनता को नए कानूनों के प्रावधानों से अवगत कराना और पुलिस-जनता के बीच विश्वास व तालमेल को और मजबूत करना है।
इस अवसर पर कलेक्टर एस. जयवर्धन, भाजपा जिलाध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी, प्रदेश कार्य समिति सदस्य भीमसेन अग्रवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष बाबुलाल अग्रवाल, मंत्री प्रतिनिधि ठाकुर प्रसाद राजवाड़े, जनपद अध्यक्ष स्वाति संत सिंह, नपा उपाध्यक्ष शैलेश अग्रवाल, शशिकांत गर्ग, दीपक गुप्ता, संजू सोनी, अजय अग्रवाल, अरविंद मिश्रा, लक्ष्मण कसेरा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




