सुहेला दुर्गा मेला परिसर से 2,100 स्टील और रिंगदार कड़े-चूड़े जब्त, सुरक्षा के लिए पुलिस का विशेष अभियान

बलौदाबाजार, 17 अक्टूबर 2026। नवरात्रि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सुहेला थाना पुलिस ने प्रसिद्ध सुहेला दुर्गा मेला परिसर में पिछले छह दिनों के दौरान कार्रवाई करते हुए लगभग 2,100 नग स्टील एवं रिंगदार कड़े-चूड़े जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, इन वस्तुओं का इस्तेमाल विवाद या मारपीट के दौरान किसी को चोट पहुंचाने के लिए किए जाने की आशंका को देखते हुए एहतियातन यह कार्रवाई की गई।
SP गौरव राय (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिलेभर में नवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। सुहेला दुर्गा मेला परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को ध्यान में रखते हुए पुलिस टीम द्वारा संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। मेला परिसर में आने-जाने वाले लोगों की निगरानी के साथ सुरक्षा संबंधी जांच भी की जा रही है।
पुलिस ने नवरात्रि प्रारंभ होने से पहले ही कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की आशंका वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कार्रवाई शुरू कर दी थी। पिछले वर्षों में नवरात्रि के दौरान चाकूबाजी, हुड़दंग और अन्य विवादों में शामिल रहे पुराने आरोपियों तथा गुंडा-बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुछ आरोपियों को जेल भेजा गया है। इसके अलावा सुहेला नगर और मेला परिसर में पुलिस बल द्वारा लगातार पैदल पेट्रोलिंग की जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।

पुलिस का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य मेले में आने वाली महिलाओं, बच्चों, श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। धार्मिक आयोजनों के दौरान शांति और अनुशासन बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। किसी भी व्यक्ति को आयोजन की गरिमा भंग करने या सुरक्षा व्यवस्था में बाधा डालने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने नागरिकों और श्रद्धालुओं से यातायात नियमों का पालन करने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करने की अपील की है। दुर्गा उत्सव समितियों के कार्यक्रमों में अनुशासन बनाए रखने और किसी भी प्रकार के विवाद से बचने की भी सलाह दी गई है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मेला परिसर में किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्व की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। इसके लिए दृष्टि हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर सूचना दी जा सकती है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शांति भंग करने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।




