सुशासन में मजबूत हुई कृषि व्यवस्था, किसानों को समय पर मिल रही आदान सामग्री

0 कृषक मंगल सिंह ने की व्यवस्थाओं की प्रशंसा, सुविधाओं के लिए जताया आभार
कोरबा, 14 जून । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा किसानों की समृद्धि और कृषि विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आगामी खरीफ सीजन की तैयारियों को सुव्यवस्थित रूप से सुनिश्चित किया गया है। किसानों को खाद, बीज एवं अन्य कृषि आदान सामग्री समय पर और सुगमता से उपलब्ध हो, इसके लिए सहकारी समितियों के माध्यम से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं, जिससे किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
कोरबा जिले के ग्राम सराईश्रृंगार निवासी कृषक श्री मंगल सिंह, जो लगभग साढ़े चार एकड़ की भूमि में खेती करते हैं, आगामी खरीफ सीजन की तैयारियों में जुटे हुए हैं। वे मुख्य रूप से धान की खेती करते हैं और समय पर कृषि आदान सामग्री की उपलब्धता को खेती की सफलता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण मानते हैं। इसी क्रम में वे सहकारी समिति जामबहार-सोनपुरी पहुंचे, जहां उन्हें अपनी आवश्यकता के अनुरूप यूरिया, डीएपी एवं बीज आसानी से उपलब्ध हो गए।
श्री सिंह ने बताया कि समिति में खाद, बीज एवं उर्वरकों की उपलब्धता पर्याप्त है तथा वितरण प्रक्रिया भी सरल और व्यवस्थित है। आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन के बाद उन्हें बिना किसी परेशानी के कृषि आदान सामग्री प्राप्त हो गई। उन्होंने कहा कि समिति के कर्मचारियों द्वारा किसानों को आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग भी प्रदान किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पूर्व में कई बार किसानों को खाद एवं बीज के लिए विभिन्न स्थानों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन वर्तमान में शासन द्वारा पर्याप्त भंडारण और बेहतर वितरण व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने से ऐसी समस्याओं का सामना नहीं करना पड़ रहा है। समय पर कृषि आदान सामग्री उपलब्ध होने से खेती की तैयारियां सुचारु रूप से हो रही हैं तथा किसानों में आगामी फसल को लेकर उत्साह का माहौल है।
श्री सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए की गई व्यवस्थाओं से उन्हें काफी राहत मिली है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में किसानों के हित में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।





