सीएनसी डॉ. खंडेलवाल ने छत्तीसगढ़ स्काउटिंग के क्रियाकलापों की सराहना की

- भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ का एक दिवसीय सेमिनार एवं सम्मान समारोह आयोजित
कोरबा। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के मुख्य राष्ट्रीय आयुक्त डॉ. के.के. खंडेलवाल ने छत्तीसगढ़ राज्य में स्काउटिंग गतिविधियों के विस्तार, संगठनात्मक मजबूती और विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने राज्य संगठन को भविष्य में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करते हुए स्काउटिंग की मूल भावना, प्रशिक्षण की गुणवत्ता तथा युवाओं में सेवा और नेतृत्व के गुण विकसित करने पर जोर दिया।

भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ द्वारा 19 नवंबर को रायपुर स्थित मेडिकल कॉलेज सभागार में एक दिवसीय सेमिनार एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य राष्ट्रीय आयुक्त डॉ. के.के. खंडेलवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अपने उद्बोधन में डॉ. खंडेलवाल ने खरगोश और कछुए की कहानी के माध्यम से लक्ष्य प्राप्ति, निरंतर प्रयास और धैर्य का संदेश रोचक अंदाज में प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और युवाओं को सेवा एवं नेतृत्व के अवसर प्रदान करना स्काउटिंग के विकास के महत्वपूर्ण आधार हैं। विशिष्ट अतिथि भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद अशोक अर्गल, छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष वर्णिका शर्मा तथा नेशनल ट्रिब्यून के संपादक एवं हरियाणा बीएसजी के उपाध्यक्ष नरेश कौशल ने भी अपना उद्बोधन दिया। समारोह की अध्यक्षता करते हुए राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने कहा कि भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ निरंतर नए आयाम स्थापित करते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में कार्य कर रहा है। उन्होंने राज्य में संचालित स्काउटिंग गतिविधियों की जानकारी भी साझा की। मंच पर राष्ट्रीय निदेशक अमर बी. छेत्री, राज्य उपाध्यक्ष विजय केसरवानी, कार्तिकेश्वर स्वर्णकार, राज्य मुख्यालय आयुक्त रविश गुप्ता तथा रायपुर जिला अध्यक्ष . स्वामी भी उपस्थित रहे। इस दौरान स्टेट ग्रोथ कोऑर्डिनेटर मोहम्मद सादिक शेख ने पीपीटी के माध्यम से छत्तीसगढ़ स्काउटिंग की आगामी 10 वर्षों की कार्ययोजना, सदस्यता वृद्धि के लक्ष्य तथा संचालित यूनिट लीडर बेसिक कोर्स की विस्तृत जानकारी आंकड़ों के साथ प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन राज्य आयुक्त (रोवर) अशोक देशमुख ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन राज्य सचिव अमित क्षत्रिय ने किया। समारोह में राज्य प्रशिक्षण आयुक्त द्वय डॉ. पूनम साहू एवं सरिता पाण्डेय, राज्य संगठन आयुक्त (गाइड) जलवती साहू सहित राज्य एवं विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारी, लीडर्स, रोवर्स, रेंजर्स, स्काउट्स और गाइड्स उपस्थित रहे। समारोह के दौरान मुख्य राष्ट्रीय आयुक्त डॉ. के.के. खंडेलवाल, राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीर्घकालीन सेवा पुरस्कार प्रदान किए गए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लीडर्स को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।समारोह में कोरबा जिले से 29 लीडर्स ने भागीदारी की।




