सर्वमंगला पुल सड़क के डामरीकरण व सुदृढ़ीकरण कार्य का शुभारंभ

उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर संजू देवी राजपूत ने किया भूमिपूजन, 82 लाख रुपये की लागत से होगा कार्य
कोरबा, 24 मई 2026। नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्र अंतर्गत सर्वमंगला पुल सड़क एवं एप्रोच रोड के बहुप्रतीक्षित डामरीकरण, चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य का रविवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन तथा महापौर संजू देवी राजपूत ने पूजा-अर्चना कर भूमिपूजन किया। इस दौरान उद्योग मंत्री ने नारियल फोड़कर कार्य प्रारंभ कराया और अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ जल्द कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
नगर निगम कोरबा द्वारा जिला खनिज न्यास (DMF) मद से लगभग 82 लाख रुपये की लागत से इस सड़क का डामरीकरण एवं मजबूतीकरण कराया जा रहा है। लंबे समय से जर्जर हो चुकी सड़क के कारण क्षेत्रवासियों को आवागमन में परेशानी और धूल की समस्या का सामना करना पड़ रहा था।
इस अवसर पर उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों और ईरान-इजराइल युद्ध के कारण डामर की उपलब्धता प्रभावित हुई है, जिससे सड़क निर्माण कार्यों में बाधा उत्पन्न हो रही है। उन्होंने बताया कि निगम क्षेत्र की कई प्रमुख सड़कों के डामरीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य स्वीकृत हो चुके हैं तथा निविदा प्रक्रिया भी पूर्ण कर ली गई है, लेकिन डामर की कमी के चलते कार्य शुरू नहीं हो पा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि लगातार प्रयासों और निर्माण एजेंसी से समन्वय के बाद सर्वमंगला पुल सड़क का कार्य प्रारंभ कराया गया है। इस सड़क के निर्माण पूर्ण होने के बाद आम नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी और उड़ने वाली धूल से भी राहत मिलेगी। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि शहर की अन्य प्रमुख सड़कों के डामरीकरण कार्य भी शीघ्र प्रारंभ कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस दिशा में कलेक्टर कुणाल दुदावत और निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय द्वारा भी प्रशासनिक स्तर पर लगातार पहल की जा रही है।
कार्यक्रम में पार्षद चंद्रलोक सिंह, ईश्वर पटेल, रामाधार पटेल, माधव जायसवाल, पूर्व पार्षद दीपा राठौर, मंडल अध्यक्ष मनीष मिश्रा, योगेश मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि, निगम अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।




